भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

ट्रक को ही बना दिया कपड़ों का शोरूम! कंबल, शॉल और रजाई...


जमशेदपुर: भारत में जुगाड़ और दिमाग लगाने वालों की कमी नहीं है. यहां लोग अपने हुनर और मेहनत के दम पर ऐसे-ऐसे बिजनेस आइडिया अपनाते हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान रह जाता है. कुछ ऐसा ही नजारा जमशेदपुर से रांची जाने वाले हाईवे पर देखने को मिल रहा है, जहां उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मुरादाबाद जिले से आए कुछ लोगों ने ट्रक को ही अपनी चलती-फिरती दुकान बना दिया है. आइये जानते हैं इन दुकानों के बारे में.

सर्दियों वाला मिल रहा है कपड़ा

इन लोगों ने किसी दुकान को किराए पर लेने या बाजार में जगह तलाशने के बजाय सड़क किनारे तिरपाल लगाकर अपना कारोबार शुरू कर दिया है. इनके पास सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले गर्म कपड़ों से लेकर रजाई, कंबल, शॉल, तकिया और दरी तक उपलब्ध हैं. सबसे खास बात यह है कि एक ही जगह पर कई तरह के गर्म कपड़े और घरेलू इस्तेमाल का सामान मिलने से लोग रुककर खरीदारी कर रहे हैं.

जानें दुकान के मालिक रेहान से

यहां के दुकान के संचालक रेहान मलिक बताते हैं कि उन्हें कारोबार करने के लिए किसी स्थायी दुकान या बाजार की जरूरत नहीं पड़ती है. वे लोग अपना सामान ट्रक में लेकर अलग-अलग शहरों में पहुंचते हैं और सड़क किनारे जगह देखकर तिरपाल लगाकर दुकान सजा लेते हैं. इससे दुकान का किराया बच जाता है और ग्राहकों तक सीधे पहुंचने का मौका भी मिलता है.

रेहान मलिक के मुताबिक, उनके सामान की गुणवत्ता अच्छी रहती है. इसलिए ग्राहक सामान देखकर और उसकी क्वालिटी परखकर खरीदारी करते हैं. वे अपने साथ अलग-अलग तरह के गर्म कपड़े और घरेलू उपयोग की चीजें लेकर चलते हैं. ताकि ग्राहकों को एक ही जगह पर कई विकल्प मिल सकें. इस तरह उनका कारोबार एक शहर से दूसरे शहर तक चलता रहता है.

गर्म कपड़ों के खरीदारों की लग रही है भीड़

इधर, जमशेदपुर में भी गुलाबी ठंड की शुरुआत होने लगी है. सुबह और शाम के मौसम में हल्की ठंड महसूस होने के साथ ही लोगों ने सर्दियों की तैयारियां शुरू कर दी हैं. ऐसे में हाईवे किनारे लगी इस अस्थायी दुकान पर भी ग्राहकों की आवाजाही देखने को मिल रही है. लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से रजाई, कंबल और दूसरे गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं. कीमत की बात करें तो यहां कंबल की शुरुआती कीमत करीब 300 से 400 रुपये बताई जा रही है. कम बजट में सर्दियों के लिए सामान खरीदने का विकल्प मिलने से यह दुकान लोगों को आकर्षित कर रही है.

कम खर्च में शुरू कर सकते हैं बिजनेस

यह कारोबार उन लोगों के लिए भी एक उदाहरण है, जो कम खर्च में अपना काम शुरू करना चाहते हैं. सही सामान, मेहनत और ग्राहकों की जरूरत को समझकर बिना बड़ी दुकान खोले भी कारोबार किया जा सकता है. रेहान मलिक और उनके साथियों का यह चलता-फिरता बिजनेस आइडिया दिखाता है कि अगर सोच नई हो और मेहनत करने का जज्बा हो, तो सड़क किनारे खड़ा एक ट्रक भी कमाई का जरिया बन सकता है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top