![]()
.
डीपीएस चास में शनिवार को ‘ग्रैंड पेरेंट्स डे’ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की थीम ‘दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रेम, ज्ञान और आशीर्वाद का उत्सव’ रही। इस अवसर पर बच्चों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शुभारंभ अतिथियों के स्वागत गीत एवं विद्यालय गीत से हुआ। विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में भाषण देकर अपने जीवन में बुजुर्गों के महत्व को बताया।
नन्हे बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति, रेट्रो डांस और आकर्षक रैंप वॉक ने दर्शकों का मन मोह लिया। दादा-दादी एवं नाना-नानी ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रो वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने कहा कि बुजुर्ग बच्चों के लिए प्रेम, अनुभव और संस्कारों के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। वहीं निर्देशिका सह प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में बड़ों के प्रति आदर, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों की भावना विकसित करते हैं। डीएस मेमोरियल सोसाइटी, चास के सचिव सुरेश अग्रवाल ने भी आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रैब द हैंकी, कप टावर, परफेक्ट पेयर, ब्लाइंडफोल्डेड चॉकलेट हंट और म्यूजिकल चेयर जैसे मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।