भास्कर न्यूज|लोहरदगा उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों, प्रतिनिधियों, बीएलए-1 के साथ समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने जिले में एसआईआर कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में अब तक 2.38 लाख गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो चुका है। शेष प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन तेजी से चल रहा है। उपायुक्त ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 2.93 लाख मतदाताओं को गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण हो चुका है। कई बूथों पर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन भी पूरा हो गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे मतदाताओं को समय पर गणना प्रपत्र भरकर जमा करने के लिए प्रेरित करें। जिन मतदाताओं ने अब तक गणना प्रपत्र भरकर नहीं दिया है, वे जरूर जमा करें। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 की बैठक होगी। बैठक में एएसडीडी सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जो मतदाता जिले से बाहर हैं, वे वर्चुअल माध्यम से बीएलओ को गणना प्रपत्र भरकर जमा करने में सहयोग कर सकते हैं। उपायुक्त ने मतदाताओं को मोबिलाइज करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों, प्रतिनिधियों, बीएलए-1 से कहा कि 22 जुलाई की बैठक में बीएलए-2 अनिवार्य रूप से बीएलओ के साथ उपस्थित रहें। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी- सह-ईआरओ अमित कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए-1 मौजूद रहे।
Source link