Last Updated:
Dog Diet Tips: डॉग लवर्स अपने पालतू कुत्तों की देखभाल और खानपान का विशेष ध्यान रखते हैं. हालांकि, कई बार सही जानकारी के अभाव में वे उन्हें ऐसी चीजें खिला देते हैं, जो उनकी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं. आमतौर पर कई लोग कुत्तों को दूध, दूध-रोटी या दूध-ब्रेड खिलाना अच्छा मानते हैं. वहीं, पशु चिकित्सकों के अनुसार यह हर स्थिति में सही नहीं है. कई मामलों में इससे कुत्तों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
बोकारो के चास पेट क्लीनिक के पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अधिकांश कुत्ते दूध में मौजूद लैक्टोज (Lactose) को ठीक से पचा नहीं पाते हैं. इसके कारण उन्हें गैस, अपच, दस्त और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा कुछ कुत्तों में दूध के सेवन से एलर्जी, खुजली और त्वचा संबंधी परेशानियां भी देखने को मिलती हैं. इसलिए बिना जरूरत और उचित सलाह के कुत्तों को नियमित रूप से दूध देना उचित नहीं माना जाता.
डॉ. अनिल कुमार ने आगे बताया कि कुत्तों को तेल-मसाले वाला भोजन, पैकेज्ड फूड और प्रिजर्वेटिव युक्त खाद्य पदार्थ खिलाने से बचना चाहिए. ये उनके स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं. उन्होंने कहा कि दूध की जगह सीमित मात्रा में दही दिया जा सकता है, क्योंकि यह पाचन के लिए अपेक्षाकृत बेहतर होता है.
उन्होंने बताया कि दही-चावल, हरी सब्जियां, अच्छी तरह उबला हुआ अंडा, चिकन और मीट कुत्तों के लिए बेहतर भोजन विकल्प माने जाते हैं. यदि कुत्तों के लिए मांसाहारी भोजन तैयार किया जा रहा है, तो उसमें केवल सीमित मात्रा में हल्दी का उपयोग करना चाहिए. अन्य मसालों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. मसाले कुत्तों के पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
पशु चिकित्सक ने यह भी सलाह दी कि कुत्तों को किसी भी प्रकार की मिठाई, कैंडी, मीठे बिस्कुट या अधिक शक्कर वाली चीजें नहीं देनी चाहिए. इनका सेवन करने से मोटापा, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि मौसमी फलों का सेवन भी सीमित मात्रा में ही कराना चाहिए. विशेष रूप से आम जैसे अधिक मीठे फलों को जरूरत से ज्यादा नहीं खिलाना चाहिए.
साथ ही किसी भी फल को देने से पहले उसके बीज अवश्य निकाल देने चाहिए. कुछ फलों के बीजों में ऐसे तत्व हो सकते हैं जो कुत्तों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं. डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, पालतू कुत्तों को हमेशा संतुलित, पौष्टिक और सुरक्षित आहार देना चाहिए. सही खानपान न केवल उन्हें स्वस्थ रखता है, बल्कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है. उचित देखभाल और संतुलित आहार के जरिए कुत्तों को लंबे समय तक फिट और स्वस्थ रखा जा सकता है.