Last Updated:
Koderma Tilapiya Fish On High Demand: कोडरमा के तिलैया डैम पर खास तिलापिया मछली मिलती है. स्वाद के शौकीन इसे इतना पसंद करते हैं कि कई किमी दूर से खरीदने आते हैं और घंटो इंतजार करते हैं. इसकी कीमत 160 रुपये किलो होती है. जानते हैं इसमें ऐसा क्या खास है.
कोडरमा. कोडरमा का तिलैया डैम प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ ताजा मछलियों के लिए भी लोगों के बीच खास पहचान रखता है. यहां मिलने वाली विभिन्न प्रजातियों की मछलियां दूर-दराज से आने वाले लोगों को आकर्षित करती हैं. लेकिन इन सबमें तिलापिया मछली की मांग सबसे अधिक देखने को मिल रही है. इसकी लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि इसे खरीदने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और फिर भी मछली मिलेगी या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं रहती.
घंटों इंतजार करते हैं लोग, बड़े कांटे से खाने में काफी सहूलियत
तिलैया डैम में कोडरमा जिले के अलावा हजारीबाग, रांची समेत कई अन्य इलाकों से लोग ताजा मछली खरीदने पहुंचते हैं. मछुआरे जैसे ही डैम से मछलियां निकालकर किनारे स्टॉल पर लाते हैं. पहले से इंतजार कर रहे खरीदारों की भीड़ टूट पड़ती है और कुछ ही पलों में सारी तिलापिया मछलियां बिक जाती हैं.
करीब 20 किलोमीटर दूर झुमरी तिलैया शहर से मछली खरीदने पहुंचे मोहम्मद शाहबाज ने बताया कि तिलापिया मछली की सबसे बड़ी खासियत इसके बड़े कांटे हैं. उन्होंने कहा कि ‘दूसरी मछलियों में छोटे-छोटे कांटे होने के कारण अक्सर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खाने में परेशानी होती है. कई बार कांटे गले या दांतों के बीच में फंसने से दिक्कत भी हो जाती है. लेकिन तिलापिया में बड़े कांटे होने से इसे खाने में काफी सहूलियत होती है.’
स्वाद के साथ-साथ प्रोटीन से भरपूर
वे आगे कहते हैं कि ‘इस मछली की मांग लगातार बढ़ रही है. बच्चे भी इसे आसानी से खा लेते हैं. स्वाद के मामले में भी तिलापिया किसी से कम नहीं है. इसे अन्य मछलियों की तरह ही पकाया जाता है और इसका स्वाद बेहद लाजवाब होता है.’ मोहम्मद शाहबाज ने बताया कि इस मछली को खरीदने के लिए उन्हें करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा.
यह मछली स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर मानी जाती है. इसमें प्रचुर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है. जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है. यही कारण है कि लोग इसे सिर्फ स्वाद के लिए नहीं बल्कि सेहत के लिहाज से भी पसंद कर रहे हैं. तिलैया डैम के समीप ताजा तिलापिया मछली फिलहाल 160 रुपये प्रति किलो बेची जा रही है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें