सिटी रिपोर्टर | बोकारो आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाले 108 एंबुलेंस के चालक व कर्मचारी आज खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। वेतन भुगतान में देरी, श्रमिक सुविधाओं की अनदेखी और कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर एंबुलेंस कर्मियों में नाराजगी है। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। 108 एंबुलेंस कर्मियों के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार लहेरी ने कहा कि राज्यभर में एंबुलेंस संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान की जिम्मेदारी सरकारी स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि कंपनी के माध्यम से होने वाले कथित शोषण पर रोक लग सके। कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआईसी, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम वेतन सहित सभी श्रमिक अधिकार मिलने चाहिए। कर्मचारियों का आरोप है कि एंबुलेंस खराब होने पर भी चालकों के वेतन से कटौती कर ली जाती है। स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत के बाद तीन बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 25 मई 2026 को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सम्मान फाउंडेशन को निष्कासित किए जाने के बावजूद अब तक उसी कंपनी से काम लिया जा रहा है। कर्मियों ने बकाया तीन माह का वेतन शीघ्र भुगतान करने, वेतन कटौती बंद करने और श्रमिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि आर्थिक और मानसिक दबाव के बीच भी वे आपातकालीन सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी अपनी समस्याओं पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। प्रमुख मांगों में 108 एंबुलेंस का संचालन और वेतन भुगतान सरकारी स्तर पर हो। ईपीएफ, ईएसआईसी, ओवरटाइम और ग्रेच्युटी का लाभ मिले। न्यूनतम वेतन सहित सभी श्रमिक अधिकार सुनिश्चित हो। तीन माह का बकाया वेतन तत्काल भुगतान किया जाए। वाहन खराब होने पर कर्मचारियों के वेतन से कटौती बंद हो। मौके पर सचिव स्वपन महतो, विकास कुमार, बिनोद महतो, संजय कर्मकार, राखोहरी महतो, राहुल मल्लाह, अभिनंदन यादव, जगदीश महतो, युधिष्ठिर सिंह, दीपक महतो, श्रवण कुमार तिर्की, श्याम महतो, खुर्शीद आलम, सुषेण महतो, मनोज सिंह, प्रदीप कुमार, रंजीत घटवार, पंकज गोप, रमन रंजन, सुबोध पांडेय, रुमक कुमार, कपिल महतो, पवन तुरी, रमेश कुमार महतो, राजकिशोर टुडू, लखीराम मुर्मू, कमलकिशोर सोरेन, सोहराब अंसारी, अमीनुद्दीन अंसारी, युधिष्ठिर गोराई, संतोष महतो, राजेश मंडल, संतन महतो, जयनंदन प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link