Last Updated:
Jodhpur Polo Season 2026: जोधपुर में 4 से 31 दिसंबर तक 27वें पोलो सीजन का आयोजन होगा. इस दौरान शहर में पोलो खेल का रोमांच देखने को मिलेगा. पूरे सीजन में पांच बड़े टूर्नामेंट और नौ प्रदर्शन मैच आयोजित किए जाएंगे. खिलाड़ियों के दमखम, घोड़ों की तेज रफ्तार और रोमांचक मुकाबलों से जोधपुर का खेल मैदान गुलजार रहेगा.
जोधपुर। सूर्यनगरी जोधपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर के पोलो मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है. दिसंबर में शहर के महाराजा गज सिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो ग्राउंड पर घोड़ों की रफ्तार, खिलाड़ियों के शानदार खेल और रोमांचक मुकाबलों का नजारा देखने को मिलेगा. जोधपुर पोलो एंड इक्वेस्ट्रियन इंस्टीट्यूशन के तत्वावधान में 27वां जोधपुर पोलो सीजन-2026 आगामी 4 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा. इस दौरान पांच प्रमुख टूर्नामेंट के साथ 9 एक दिवसीय प्रदर्शन मैच भी खेले जाएंगे। सभी मुकाबले महाराजा उम्मेद सिंह एयरपोर्ट रोड स्थित पोलो ग्राउंड पर होंगे.
पोलो एंड इक्वेस्ट्रियन इंस्टीट्यूशन जोधपुर के मानद सचिव इंद्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि जोधपुर पोलो सीजन का आयोजन महाराजा गज सिंह के मुख्य संरक्षण में किया जाता है. जोधपुर में पोलो सीजन की शुरुआत करने और इस खेल को बढ़ावा देने में महाराजा गज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. इस वर्ष 27वां पोलो सीजन आयोजित किया जा रहा है, जो जोधपुर के खेल और पर्यटन कैलेंडर का एक प्रमुख आयोजन है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से पोलो खेल को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही जोधपुर की ऐतिहासिक और खेल विरासत को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलती है.
पांच प्रमुख टूर्नामेंट में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
27वें पोलो सीजन के दौरान कुल पांच टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे. इसकी शुरुआत 4 दिसंबर को लो गोल टूर्नामेंट से होगी, जिसका फाइनल 6 दिसंबर को खेला जाएगा. इसके बाद 7 दिसंबर को चार गोल का उम्मेद भवन पैलेस कप शुरू होगा, जिसका फाइनल 10 दिसंबर को होगा. 15 दिसंबर को 8 गोल का एचएच महाराजा ऑफ जोधपुर कप शुरू होगा और इसका फाइनल 18 दिसंबर को खेला जाएगा. वहीं 20 दिसंबर से 8 गोल का राजपूताना एंड सेंट्रल इंडिया कप आयोजित होगा, जिसका फाइनल 26 दिसंबर को होगा. सीजन का अंतिम टूर्नामेंट महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप होगा, जो 27 दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर को फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगा.
9 एक दिवसीय प्रदर्शन मैच भी होंगे आकर्षण का केंद्र
पोलो सीजन के दौरान नौ एक दिवसीय प्रदर्शन मैच भी आयोजित किए जाएंगे. इनमें 15 दिसंबर को महाराजा सरदार सिंह कप, 17 दिसंबर को मेजर ठाकुर सरदार सिंह जसोल मेमोरियल कप, 19 दिसंबर को इंडियन एयर फोर्स लोंगेवाला पोलो कप, 23 दिसंबर को आर्मी कमांडर्स कप और 24 दिसंबर को द हेर्मेस कप खेला जाएगा. इसके अलावा 25 दिसंबर को भंवर बाईजीलाल वारा राज्ये पोलो कप, 28 दिसंबर को इंडियन नेवी एडमिरल्स पोलो कप तथा 29 दिसंबर को जोधपुर इंटरनेशनल लेडीज पोलो कप और द अबू सीर कप आयोजित किए जाएंगे. इन मुकाबलों में सेना, वायुसेना और नौसेना से जुड़े विशेष कप भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
11 से 14 दिसंबर तक नहीं होंगे मुकाबले, दोपहर 3 बजे शुरू होंगे मैच
आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर से 14 दिसंबर तक पोलो मैच नहीं खेले जाएंगे। इसके बाद 15 दिसंबर से मुकाबलों का सिलसिला फिर शुरू होगा। पोलो सीजन के सभी मैचों का निर्धारित समय दोपहर 3 बजे रखा गया है। 4 दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलने वाला यह आयोजन खेल प्रेमियों और पोलो के शौकीनों को रोमांचक मुकाबलों का अनुभव कराएगा.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…