सिटी रिपोर्टर | बोकारो हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखने वाली देवोत्थान एकादशी का व्रत इस वर्ष 20 नवंबर शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसे देवउठनी एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे। साथ ही चातुर्मास की समाप्ति होगी और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। काशी पंचांग के अनुसार, 20 नवंबर को प्रबोधिनी एकादशी व्रत एवं तुलसी विवाह का आयोजन होगा। वहीं, 21 नवंबर को सुबह 9:19 बजे से एकादशी व्रत का पारण किया जाएगा। सेक्टर-1 श्री राम मंदिर के पुजारी पंडित शिवजी शास्त्री ने बताया कि काशी पंचांग के अनुसार इस वर्ष देवोत्थान एकादशी व्रत की तिथि निर्विवाद है। श्रद्धालु 20 नवंबर को पूरे विधि-विधान के साथ व्रत और पूजा-अर्चना करेंगे। बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवोत्थान एकादशी को भगवान विष्णु के जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होता है। इस दिन से मांगलिक और शुभ कार्यों का आरंभ होता है। भगवान विष्णु की घर-घर में होगी पूजा, तैयारी शुरू देवोत्थान एकादशी पर श्रद्धालु सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करेंगे और भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करेंगे। घरों और मंदिरों में विशेष पूजा की तैयारी की जाएगी। गन्ने का मंडप बनाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा है। शाम के समय दीप जलाकर शंख, घंटी और भजन-कीर्तन के साथ भगवान को योगनिद्रा से जगाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु ”उठो देव, बैठो देव” की मंगल कामना के साथ भगवान का आह्वान करेंगे। पूजा में फल, फूल, दीप, धूप और तुलसी दल अर्पित करने का विशेष महत्व है। शास्त्री ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाएगी। माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराया जाता है।
Source link