Last Updated:
मिंटू शेख की कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत यह बताई जाती है कि वह पंचायत की समस्याओं को लेकर लोगों को दफ्तरों के चक्कर कटवाने के बजाय खुद उनके बीच पहुंचने की कोशिश करते हैं. गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए वह घर-घर तक पहुंचते हैं. जिन लोगों को योजना की जानकारी नहीं होती, उन्हें उसके….
देवघर: झारखंड के देवघर से एक ऐसी तस्वीर सामने आने वाली है, जिस पर पूरे जिले को गर्व होगा. जिस पंचायत को कभी पिछड़े इलाकों में गिना जाता था, उसी पंचायत के मुखिया अब देश के राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने जा रहे हैं. बात करौ प्रखंड के बारा पंचायत की है, जहां के मुखिया मिंटू शेख को उनके बेहतर काम, जनता से सीधा जुड़ाव और पंचायत में किए गए विकास कार्यों के लिए राष्ट्रपति सम्मान के लिए चुना गया है. 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उन्हें राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा.झारखंड से इस सम्मान के लिए चयनित होने वाले मुखियाओं में मिंटू शेख का नाम शामिल होना पूरे देवघर के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
निजी खर्च से कर रहे पंचायत का विकास :
राष्ट्रपति भवन से सम्मान का निमंत्रण मिलते ही बारा पंचायत में खुशी का माहौल है. गांव के लोगों से लेकर पंचायत के जनप्रतिनिधियों तक, हर किसी के चेहरे पर अपने मुखिया की उपलब्धि को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है.खास बात यह है कि मिंटू शेख को यह सम्मान केवल कागजी उपलब्धियों के आधार पर नहीं, बल्कि पंचायत के लोगों के बीच उनकी सक्रियता और जरूरत के समय जनता के साथ खड़े रहने के काम के लिए मिल रहा है.जिला प्रशासन ने भी पंचायत में उनके कामकाज और जनता के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए उनका नाम आगे भेजा था.
थाने तक नहीं पहुंचने दिया पंचायत का विवाद:
मिंटू शेख की कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत यह बताई जाती है कि वह पंचायत की समस्याओं को लेकर लोगों को दफ्तरों के चक्कर कटवाने के बजाय खुद उनके बीच पहुंचने की कोशिश करते हैं. गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए वह घर-घर तक पहुंचते हैं. जिन लोगों को योजना की जानकारी नहीं होती, उन्हें उसके बारे में समझाया जाता है और पात्र लोगों को सरकारी व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाता है.पंचायत में केवल सड़क, नाली या सरकारी योजनाओं तक ही काम सीमित नहीं रहा.मिंटू शेख का कहना है कि गांव में छोटी-छोटी बातों को अगर समय रहते सुलझा लिया जाए तो कई बड़े विवादों को बढ़ने से रोका जा सकता है. इसी सोच के साथ उन्होंने कई पारिवारिक और आपसी विवादों में बीच-बचाव कर परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया. कई ऐसे मामले भी सामने आए, जहां परिवार बिखरने की स्थिति में थे, लेकिन पंचायत स्तर पर बातचीत और समझौते के जरिए मामला सुलझाया गया.
निजी खर्चे से सिंचाई के लिए बनाया डैम :
किसानों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने स्तर से भी पहल की. पंचायत की कृषि योग्य जमीनों में सिंचाई की समस्या दूर करने के लिए खराब पड़े एक डैम को अपने निजी खर्च से दुरुस्त कराया. इसके बाद आसपास के किसानों को सैकड़ों एकड़ जमीन में सिंचाई की सुविधा मिलने लगी.ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि के तौर पर मिंटू शेख की यही सक्रियता उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाती है.मुखिया मिंटू शेख कहते हैं कि उनके लिए पद से ज्यादा महत्वपूर्ण पंचायत की जनता है. उनका प्रयास रहता है कि कोई भी ग्रामीण अपनी समस्या लेकर उनके पास आए तो उसे खाली हाथ वापस नहीं लौटना पड़े.जरूरत पड़ने पर वह अधिकारियों के सामने भी पंचायत की समस्याओं को मजबूती से रखते हैं और जनता के अधिकार के लिए आवाज उठाते हैं. उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि अगर जनता के बीच रहकर काम करे तो पंचायत की कई समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही किया जा सकता है.
घर घर जाकर ग्रामीणों को बताते हैं योजना का लाभ :
राष्ट्रपति सम्मान का निमंत्रण भी उन्हें बेहद खास तरीके से मिला. डाक विभाग के पोस्ट इंस्पेक्टर निर्मल कुमार और दीपक कुमार उनके घर पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत राष्ट्रपति भवन से आया आमंत्रण पत्र सौंपा.आमंत्रण मिलने के बाद औपचारिक रूप से उनके हस्ताक्षर भी लिए गए. जैसे ही यह खबर पंचायत में पहुंची, ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई.ग्रामीण मोहम्मद अनवर का कहना है कि मिंटू शेख आम लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं.गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए वह खुद उनके घर तक पहुंचते हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, किसी भी समय जरूरत पड़ने पर लोग बेझिझक उनके पास अपनी बात रखते हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें