देवघर. बिहार और झारखंड की पहचान यहां के खानपान से भी जुड़ी हुई है. यहां के देसी खाने का स्वाद ही कुछ ऐसा होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है. खासकर जब बात लिट्टी-चोखा की हो तो इसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. आमतौर पर लोग लिट्टी-चोखा खाने के लिए होटल या किसी दुकान पर जाते हैं, लेकिन इसे घर पर भी बड़े आसानी से देसी अंदाज में तैयार किया जा सकता है. अगर आपके घर में भी कुछ अच्छा और स्वादिष्ट खाने का मन हो रहा है तो आप भी इस तरीके से लिट्टी-चोखा बना सकते हैं. इसके साथ टमाटर, बैंगन और आलू का चोखा और मूली-धनिया पत्ता की चटनी मिल जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है.
इस तरह से लिट्टी की लोई करें तैयार
सबसे पहले लिट्टी तैयार करने के लिए गेहूं का आटा लिया जाता है. इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा अजवाइन और घी डालकर अच्छी तरह मिला लें. घी आटे को सॉफ्ट कर देता है. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटे को गूंथ लें और कुछ देर के लिए ढककर रख दें. अब बारी आती है लिट्टी के अंदर भरने वाले सत्तू के मसाले की. इसके लिए सत्तू में बारीक कटा प्याज, लहसुन, हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ता, अजवाइन, कलौंजी, अचार का मसाला, नींबू का रस और सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें.
जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर मसाले को तैयार कर लें. अब आटे की छोटी-छोटी लोई बनाकर उसमें सत्तू का मसाला भरें और चारों तरफ से बंद कर दें. इसके बाद लिट्टी को धीमी आंच पर अच्छी तरह सेंक लें, ताकि वह अंदर तक पक जाए और ऊपर से हल्की कुरकुरी हो जाए.
लिट्टी का खास चोखा करें तैयार
अब बात करते हैं इसके साथ बनने वाले चोखे की. इसके लिए सबसे पहले बैंगन, टमाटर और आलू को अच्छी तरह आग में पका लें. हो सके तो तीनों को एक साथ पका सकते हैं. इसके बाद तीनों को छीलकर एक बर्तन में डालें और अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, धनिया पत्ता, नमक और सरसों का कच्चा तेल डालकर अच्छी तरह मिला दें. इस तरह तैयार हो जाता है स्वाद से भरपूर टमाटर, बैंगन और आलू का चोखा.
तैयार करें यह खास चटनी, लिट्टी को बना देती है और खास
लेकिन इस देसी थाली का स्वाद यहीं खत्म नहीं होता. इसके साथ मूली और धनिया पत्ता की चटनी भी बनाई गई है. इसके लिए मूली को छोटे टुकड़ों में काट लें. इसमें हरी मिर्च, लहसुन, हरा धनिया, नमक और थोड़ा नींबू का रस मिलाकर सिलबट्टे या मिक्सर में पीस लें. तैयार है तीखी और चटपटी मूली-धनिया की चटनी. अब एक थाली में गर्मागर्म लिट्टी रखें, साथ में तीन तरह का चोखा और मूली-धनिया की चटनी परोसें.
ऊपर से लिट्टी को तोड़कर उसमें देसी घी डाल दें. फिर देखिए, घर पर तैयार इस देसी थाली का स्वाद किसी होटल के खाने से कम नहीं लगेगा. खास बात यह है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा महंगी सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती. बस घर की सामान्य चीजों से तैयार हो जाता है बिहार-झारखंड का मशहूर देसी जायका.