![]()
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय संदीप ठाकुर उर्फ पापुन के लापता होने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कोले गांव निवासी सन्नी गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने आपसी रंजिश के कारण संदीप की गोली मारकर हत्या करने और शव को दामोदर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। कोले गांव निवासी संदीप ठाकुर 25 अगस्त से लापता था। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने इसकी सूचना केरेडारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान सन्नी गंझू पर संदेह गहराया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल करने की जानकारी पुलिस ने दी है। हालांकि, पुलिस को अब तक संदीप का शव नहीं मिला है। आरोपी के बताए स्थान पर मिला अज्ञात शव आरोपी से पूछताछ के बाद उसके बताये स्थान के आधार पर केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दामोदर नदी के किनारे जंगल के रास्ते शव की तलाश शुरू की। इसी दौरान सिकमतांड़ के आसपास पुलिस को एक अज्ञात शव बरामद हुआ। पुलिस ने संदीप के परिजनों को मौके पर बुलाया और शव की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिजनों ने बरामद शव को संदीप ठाकुर का होने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान कराने के लिए आसपास के सभी थानों को इसकी सूचना दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शव किसका है और वह वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा। साढ़े तीन किलोमीटर तक पुलिस ने शव ढोए जंगल और नदी किनारे जिस स्थान से अज्ञात शव बरामद हुआ, वहां तक पहुंचने और शव को बाहर निकालने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्गम रास्ता होने के कारण पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया। फिलहाल शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास के थानों को सूचना देकर मृतक की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही बरामद शव और संदीप के लापता होने के मामले के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। सन्नी न्यायिक हिरासत में, संदीप के शव की तलाश जारी गिरफ्तार आरोपी सन्नी गंझू को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में हत्या और शव को दामोदर नदी में फेंकने की बात सामने आयी है, लेकिन संदीप ठाकुर का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस की टीम उसकी तलाश लगातार कर रही है। पुलिस बरामद अज्ञात शव की पहचान कराने के साथ पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी पुलिस अनुसंधान कर रही है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस संदीप के शव का पता लगाने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को सामने लाने पर है।
Source link