![]()
धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयनगर गांव निवासी 26 वर्षीय विकास कुमार महतो की महाराष्ट्र के मुंब में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वह वहां बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, विकास महाराष्ट्र के अहिल्यानगर स्थित सद्गुरु इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स में काम करते थे। शुक्रवार को वह बिजली लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया और इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को फोन कर हादसे की सूचना दी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। शव गांव पहुंचते ही मची चीख-पुकार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात एंबुलेंस से विकास का शव उनके पैतृक गांव जयनगर लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। विकास अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटी पुत्रियां हैं, जिनका भविष्य अब संकट में पड़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विकास मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे तथा परिवार के बेहतर भविष्य के लिए बाहर रहकर काम कर रहे थे। सांसद पहुंचे गांव, मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार को धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो जयनगर गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कंपनी की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि परिवार को उचित मुआवजा मिल सके। साथ ही उन्होंने राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
Source link