Last Updated:
Viral Kavita Mahto Homeguard Race Failed: सोशल मीडिया पर नंगे पांव साड़ी पहनकर होमगार्ड भर्ती की तैयारी के दौरान 1600 मीटर दौड़ने वाली कविता महतो का होमगार्ड की वर्दी पहनने का सपना टूट गया. कविता 1600 मीटर की दौड़ में सफल रही, लेकिन लॉन्ग जंप और हाई जंप की स्पर्धा में फेल हो गई. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
नंगे पैर साड़ी पहनकर दौड़ीं कविता महतो, 1600 मीटर पार किया लेकिन होमगार्ड की बहाली में रह गईं पीछे
रामगढ़. सोशल मीडिया पर साड़ी पहनकर नंगे पैर 1600 मीटर की दौड़ लगाने वाली कविता महतो के होमगार्ड बनने का सपना इस बार अधूरा रह गया. झारखंड के रामगढ़ में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में कविता 1600 मीटर की दौड़ में सफल रहीं, लेकिन लॉन्ग जंप और हाई जंप की स्पर्धा में असफल हो गईं. बता दें कि बीते दिनों दुलमी प्रखंड के सोसो गांव की रहने वाली कविता का दौड़ के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. उनकी मेहनत और हौसले की काफी चर्चा हुई थी. इस खबर के सुर्खियों में आने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने कविता को ट्रैकसूट, टी-शर्ट और स्पोर्ट्स जूते गिफ्ट किए थे. वे कविता के घर भी मिलने गए थे.
दौड़ में सफल, लेकिन जंप की बाधा पार नहीं कर सकीं कविता
कविता महतो होमगार्ड की वर्दी पहनने का सपना लेकर बहाली प्रक्रिया में शामिल हुई थीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह साड़ी पहनकर और नंगे पैर 1600 मीटर की दौड़ लगाती नजर आई थीं. उनकी इस कोशिश ने लोगों का ध्यान खींचा था. रामगढ़ में बहाली प्रक्रिया के दौरान कविता ने 1600 मीटर की दौड़ में सफलता हासिल की. हालांकि, इसके बाद होने वाली लॉन्ग जंप और हाई जंप की स्पर्धा में वह सफल नहीं हो सकीं. इन स्पर्धाओं में असफल होने के कारण उनका चयन नहीं हो पाया. दौड़ में सफलता के बावजूद होमगार्ड बनने की राह में जंप की बाधा उनके लिए निर्णायक साबित हुई.
रामगढ़ में तीसरे दिन भी जारी रही बहाली प्रक्रिया
रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू जिला मैदान में होमगार्ड बहाली के तहत मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई. तीसरे दिन की प्रक्रिया सुबह पांच बजे से शुरू की गई. अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप और गोला फेंक की स्पर्धाओं से गुजरना पड़ रहा है. बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मैदान में वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. इसके अलावा ड्रोन की भी मदद ली जा रही है. अभ्यर्थियों के पैरों में सेंसरयुक्त आरएफआईडी चिप लगाई जा रही है, ताकि दौड़ की सही टाइमिंग दर्ज की जा सके.
284 पदों के लिए 16 हजार से अधिक आवेदन
रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज खुद बहाली प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं. जिले में 284 पदों के लिए होमगार्ड की बहाली हो रही है. इसके लिए 16 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. बहाली प्रक्रिया पांच नवंबर तक चलेगी. कविता महतो की कहानी ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा था. उनकी दौड़ को मेहनत और हौसले की मिसाल के तौर पर देखा गया. हालांकि, इस बार वह चयन की सभी बाधाएं पार नहीं कर सकीं और होमगार्ड की वर्दी पहनने का उनका सपना अधूरा रह गया.