Last Updated:
कपूरथला के मोहल्ला मेहताबगढ़ में दिवाली की रात घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे 27 वर्षीय पहलवान मनी की अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी. कुछ महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे मनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना से इलाके में दहशत है और पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कपूरथला में दिवाली की वो जगमगाती रात अचानक खौफनाक दुःस्वप्न में बदल गई, जब खुशियों के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा. मोहल्ला मेहताबगढ़ में अपने घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे 27 साल के यंग पहलवान मनी को अज्ञात हमलावरों ने सरेआम गोलियों से भून दिया. अभी तो उसकी शादी को चंद महीने ही हुए थे, और नए नवेले जोड़े की पहली दिवाली का जश्न पलक झपकते ही मातम में तब्दील हो गया. अस्पताल के गलियारे में जवान बेटे की लाश को देखकर बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा परिवार बुरी तरह टूट चुका है. दिवाली की रात हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर बहुत बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर कौन थे वो हमलावर और क्यों उन्होंने एक बेकसूर पहलवान की हंसती-खेलती जिंदगी छीन ली? यह खबर पूरे राज्य में आग की तरह फैल चुकी है और हर कोई हैरान है.
मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनी उर्फ पहलवान पुत्र बग्गा निवासी मोहल्ला मेहताबगढ़, कपूरथला के रूप में हुई है. घटना सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है. मृतक के पिता बग्गा ने सिविल अस्पताल में बताया कि उनका बेटा पहलवानी करता था और किसी के साथ उसका कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं था. सोमवार रात वह घर के बाहर दीवाली के पटाखे चला रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनके बेटे को गोली मार दी. गोली लगते ही मनी जमीन पर गिर पड़ा. परिवार के सदस्य उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अपने जवान बेटे की मौत से पिता बग्गा का रो-रोकर बुरा हाल था. अस्पताल में वह बार-बार अपने बेटे को याद कर बिलख रहे थे. परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों का भी रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक के रिश्तेदार हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी का विवाह कुछ महीने पहले ही बेगोवाल निवासी एक युवती के साथ हुआ था. उसकी चार बहनें हैं. परिवार को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि दीवाली की रात उनके घर में खुशियों की जगह मातम छा जाएगा.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच: घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला मेहताबगढ़ में एक युवक को गोली मार दी गई है. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गोली लगने से युवक की मौत हो चुकी थी. डीएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके बयानों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दीवाली की रात हुई इस हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और गोली मारने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…