![]()
जमीन के कारोबार में आमदनी कम होने पर दोस्तों के कहने पर एक कारोबारी ने नशे के कारोबार का रास्ता चुन लिया। बरियातू पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रविवार को सरगना बॉक्सी खान उर्फ जावेद और उसके साथी सौरभ कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बॉक्सी बरियातू बस्ती और सौरभ लालपुर के रेडियम रोड का रहने वाला है। पुलिस ने बरियातू स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी से बॉक्सी के कब्जे से एसयूवी थार (JH01GE-2211) बरामद की। तलाशी में वाहन से 122 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप मिली। पूछताछ में बॉक्सी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने पुलिस को बताया कि वह कोलकाता से कफ सिरप लाकर शहर में सप्लाई करता था। दोस्तों संग बनाई सप्लाई चेन पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन का कारोबार मंदा पड़ने के बाद बॉक्सी ने अपने दोस्तों के जरिए नशीले कफ सिरप की सप्लाई चेन तैयार की। वह जमीन कारोबार से जुड़े परिचित युवकों को ही माल उपलब्ध कराता था, जबकि अनजान लोगों के सामने खुद को जमीन कारोबारी बताता था। पुलिस की नजर से बचने के लिए उसने थार गाड़ी का इस्तेमाल शुरू किया।
Source link