Last Updated:
Nagpur Gas Leak: महाराष्ट्र के लिए सोमवार का दिन हादसों वाला रहा है. सुबह-सुबह ही दो ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिससे पुलिस-प्रशासन के साथ ही आमलोग भी सकते में हैं. अमरावती के जिला अस्पताल में आग लगने से 3 नवजात की मौत हो गई तो दूसरी तरफ नागपुर में गैस लीक होने की वजह से कम से कम 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
नागपुर में क्लोरीन गैस लीक होने के बाद 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाके को सैनिटाइज भी किया जा रहा है.
Nagpur Gas Leak: नागपुर में क्लोरीन गैस लीक होने की वजह से 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि इन सभी लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया. प्रभावित क्षेत्र के लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया. तकरीबन 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 4 से 5 लोगों को ICU में रखा गया है.
जानकारी के अनुसार, नागपुर के गोधनी इलाके में सोमवार को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने के बाद हड़कंप मच गया. गोधनी नगर पंचायत द्वारा संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गैस रिसाव की घटना के बाद करीब 40 लोगों को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई. प्रभावित लोगों में संयंत्र के 8 से 10 कर्मचारी और आसपास रहने वाले 20 से 25 स्थानीय लोग शामिल हैं. गैस रिसाव के बाद लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से 4 से 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए आईसीयू में शिफ्ट किया गया है. वहीं, अन्य मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनपर लगातार नजर रखी जा रही है.
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. गैस के प्रभाव को नियंत्रित करने के साथ ही आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. एहतियात के तौर पर नजदीकी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग गैस रिसाव के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. साथ ही यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि रिसाव के कारण आसपास के अन्य इलाकों में लोगों को किसी तरह का खतरा न हो.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें