Last Updated:
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ने अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है. निशा ने 6 नवंबर को फेसबुक लाइव के दौरान जमीन माफिया और पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे.
निशा भगत ने फेसबुक लाइव आकर अपनी जान दे दी थी
रांची: झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में अब CBI ने जांच शुरू कर दी है. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है. CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच नई दिल्ली ने रांची के पिठोरिया थाने में पहले से दर्ज FIR को री-रजिस्टर कर नया केस दर्ज किया है.
इस मामले में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 और 61(2) के तहत केस दर्ज हुआ है. धारा 108 आत्महत्या के लिए उकसाने और धारा 61(2) आपराधिक साजिश से जुड़ी है.
झारखंड सरकार ने की थी मांग
निशा भगत की मौत के बाद मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था. उनके पिता आनाडू भगत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने कुछ लोगों पर अपनी बेटी को परेशान करने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे. शिकायत में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के नाम भी सामने आए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड सरकार ने CBI जांच की मांग की थी.
मौत से पहले फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
निशा भगत की मौत से पहले का एक फेसबुक लाइव वीडियो भी सामने आया था. जानकारी के मुताबिक, 6 नवंबर को उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी जान दे दी थी. इस वीडियो में उन्होंने जमीन विवाद, कथित जमीन माफिया और पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि वह लंबे समय से अपने आदिवासी समाज और उसकी जमीन को बचाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही थी. उन्होंने अपने संघर्ष और परेशानियों का भी जिक्र किया था. बताया गया कि फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी.
आदिवासी अधिकारों के लिए उठाती थीं आवाज
निशा भगत झारखंड में आदिवासी अधिकारों और सरना धर्म से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती थीं. वह केंद्रीय सरना समिति की उपाध्यक्ष भी रह चुकी थीं. सरना धर्म कोड, धर्मांतरण और आदिवासी अस्मिता जैसे मुद्दों पर उन्होंने कई आंदोलनों में हिस्सा लिया था. दिसंबर 2025 में सरना धर्म कोड और डिलिस्टिंग की मांग को लेकर राजभवन के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपने बाल मुंडवाकर विरोध जताया था. उन्होंने 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में गुमला सीट से JLKM के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था.
About the Author
मनीष कुमार इस समय न्यूज18 हिंदी में बिहार, झारखंड और दिल्ली की टीम को लीड कर रहे हैं. इन राज्यों की बड़ी खबरों से लेकर खास फीचर स्टोरी तक, उनकी नजर हर अहम मुद्दे पर रहती है. उनका मुख्य उद्देश्य है कि हर जरूरी ख…