Last Updated:
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के साथ बातचीत की थी. दुबे ने राहुल गांधी को उनके नाना का 30 नवंबर 1962 का लोकसभा में दिया बयान पढ़ने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिकी विदेश राज्य मंत्री एवरेल हैरीमैन ने इस मुद्दे पर नेहरू और अयूब खान से मुलाकात की थी. सांसद ने इसे कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बताया है.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 1962 में नेहरू पर जम्मू-कश्मीर के बंटवारे का प्रस्ताव रखने का आरोप लगाया है. (फाइल फोटो ANI)
जम्मू-कश्मीर के बंटवारे को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर 1962 का दौर चर्चा में आ गया है. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि भारत-चीन युद्ध के बाद नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल अयूब खान के साथ बातचीत की थी. दुबे ने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बताया है. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया. दुबे ने उनसे कहा कि वे अपने नाना नेहरू का 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में दिया गया बयान ध्यान से पढ़ें. बीजेपी सांसद ने अपने दावे के समर्थन में एक पुस्तक के पन्नों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं.
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया साइट X पर इस मुद्दे को उठाते हुए लिखा कि यह कांग्रेस के इतिहास का ‘काला अध्याय, चैप्टर-258’ है. उनके मुताबिक 1962 में चीन के साथ युद्ध के बाद भारत की स्थिति कमजोर थी. इसी दौरान अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिनिधियों ने जम्मू-कश्मीर के भविष्य को लेकर पाकिस्तान के साथ बातचीत की थी. दुबे का आरोप है कि 29 नवंबर 1962 को ब्रिटिश और अमेरिकी मंत्रियों ने पत्रकारों को इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी. इसके बाद भारतीय राजनीति में हंगामा मच गया. सांसद ने नेहरू के अगले दिन लोकसभा में दिए बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि ये आरोप निशिकांत दुबे की ओर से लगाए गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए उनके दावे और संसद में नेहरू के बयान का संदर्भ अहम है.
निशिकांत दुबे ने 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में नेहरू के दिए बयान का हवाला दिया है. (X)
1962 के युद्ध के बाद जम्मू-कश्मीर पर क्या हुआ था?
निशिकांत दुबे के मुताबिक भारत और चीन के बीच 1962 में हुए युद्ध में भारत को सैन्य नुकसान उठाना पड़ा था. चीन ने भारतीय क्षेत्र के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. बीजेपी सांसद ने दावा किया कि युद्ध के बाद भारत को अमेरिका से आर्थिक मदद मिली थी और ब्रिटेन ने सैन्य सहयोग किया था. इसी माहौल में 27 नवंबर 1962 को ब्रिटिश कैबिनेट मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिका के विदेश राज्य मंत्री एवरेल हैरीमैन दिल्ली पहुंचे. उन्होंने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात की. दुबे के अनुसार इसके अगले दिन दोनों प्रतिनिधि पाकिस्तान गए और राष्ट्रपति अयूब खान से मिले. इस बातचीत में जम्मू-कश्मीर को बांटने का प्रस्ताव रखा गया था.
कांग्रेस का काला अध्याय, चैप्टर – 258
258. 29 नवंबर 1962 प्रधानमंत्री नेहरू जी ने जम्मू कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल अयूब खान के साथ संयुक्त बैठक कर बयान जारी कर दिया । @RahulGandhi जी अपने नाना नेहरू जी के बयान को गौर से पढ़िए जो उन्होंने 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में दिया ।चीन हमको युद्ध में हरा चुका था हमारे भूभाग पर उसका क़ब्ज़ा हो गया था,यह युद्ध हमने अमेरिका के पैसे से लड़ा जिसमें सैन्य सहयोग ब्रिटिश सरकार ने किया था,युद्ध हारने के बाद 27 नवंबर 1962 को ब्रिटिश कैबिनेट मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिका के विदेश राज्य मंत्री एविरल हैरीमेन दिल्ली आकर प्रधानमंत्री नेहरू जी से मिले और जम्मू कश्मीर बांटने का प्रस्ताव लेकर 28 नवंबर 1962 को पाकिस्तान जाकर राष्ट्रपति अयूब खान से मिले ।29 नवंबर 1962को भारतीय पत्रकारों को तथा BBC को जम्मू कश्मीर बांटने के समझौते की जानकारी ब्रिटिश मंत्री और अमेरिकी मंत्री ने दी ।संसद से सड़क तक हंगामा हुआ,लोकसभा की चर्चा में नेहरू जी को अपने मंसूबे पर पानी फिरता नज़र आया,उन्होंने कहा कि वे अख़बार नहीं पढ़ते तथा BBC का न्यूज़ नहीं सुनते । अमेरिका व ब्रिटेन की दलाली गांधी नेहरू परिवार की विचारधारा का हिस्सा है
#CongressDarkHistory