Last Updated:
रांची रेलवे स्टेशन का कायाकल्प चल रहा है. लिहाजा रेलवे यात्रियों के प्रवेश नियम में बदलाव करने जा रहा है. नॉर्थ गेट बंद होने पर साउथ गेट से एंट्री मिलेगी. इसके लिए चुटिया और रेलवे कॉलोनी होकर नए रास्ते बन रहे हैं.
रांची रेलवे स्टेशन की फाइल फोटो
रांचीः रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम चल रहा है. करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है. इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जाएगा.
इसके तहत जल्द ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 यानी नॉर्थ गेट की तरफ से यात्रियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लग जाएगी. इसके बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर-6 यानी साउथ गेट की ओर बने नए प्रवेश द्वार से ही स्टेशन के भीतर जाना होगा. रेलवे के इस नए ट्रैफिक प्लान से कई इलाकों के यात्रियों का रूट बदल जाएगा.
कुछ यात्रियों को मिलेगी सुविधा, तो कुछ की बढ़ेगी परेशानी
इस प्रवेश द्वार से दोरंडा, हिनू, एयरपोर्ट, बिरसा चौक और धुर्वा की तरफ से आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. हालांकि, कोकर, बूटी मोड़, खेलगांव, हरमू और किशोरगंज के यात्रियों को दोरंडा या राजेंद्र चौक होकर जाना पड़ेगा. इससे उनकी दूरी बढ़ेगी और रास्ते में जाम का सामना भी करना पड़ सकता है. इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन पकड़ने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलें.
यात्रियों की सहूलियत के लिए नए साउथ गेट पर आधुनिक सुविधाएं शुरू की गई हैं. यहां प्लेटफॉर्म टिकट की मशीनें और नए टिकट काउंटर लगा दिए गए हैं. इससे यात्रियों को लंबी लाइनों से राहत मिलेगी और भीड़ संभालने में आसानी होगी.
स्टेशन पहुंचने के लिए बन रहे दो नए रास्ते
साउथ गेट तक आसानी से पहुंचने के लिए रेलवे कॉलोनी होकर दो नए रास्ते बनाए जा रहे हैं. इन दोनों रास्तों को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.
पहला रास्ता सेरसा स्टेडियम की चहारदीवारी के पास से चुटिया रोड होते हुए फ्लाईओवर तक जाएगा. वहीं, दूसरा रास्ता सिरमटोली के पास रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) बिल्डिंग के पास से रेलवे कॉलोनी होते हुए चुटिया रोड और फ्लाईओवर से जुड़ेगा. इसके अलावा, यात्री बहू बाजार और चुटिया मार्ग से फ्लाईओवर होकर भी साउथ गेट तक पहुंच सकेंगे.
रेलवे का मुख्य उद्देश्य स्टेशन के सौंदर्यीकरण के साथ यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना है. जनवरी 2027 से वर्तमान मुख्य प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद हो जाएगा. तब तक यात्रियों के लिए साउथ गेट पूरी तरह से नए स्वरूप में काम करने लगेगा.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…