देवघर. अगर आप किसान हैं और खेती से अच्छी कमाई करना चाहते हैं तो बांस की खेती आपके लिए एक बेहतर विकल्प बन सकती है. खास बात यह है कि इसके लिए किसानों को धान और सब्जियों की तरह बार-बार खेत में मेहनत करने और सिंचाई पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती. एक बार बांस के पौधे लगा दीजिए, फिर कुछ वर्षों में ये तैयार होकर अच्छी कमाई का जरिया बन सकते हैं.
झारखंड की मिट्टी और यहां की भौगोलिक स्थिति भी बांस की खेती के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है. यहां की ऊबड़-खाबड़ जमीन और पहाड़ी क्षेत्र में भी बांस आसानी से लगाया जा सकता है. यही वजह है कि अब किसानों को पारंपरिक खेती के साथ बांस की खेती पर भी ध्यान देने की सलाह दी जा रही है.
क्या कहते हैं कृषि विशेषज्ञ
देवघर के कृषि विशेषज्ञ वकील यादव बताते हैं कि झारखंड की मिट्टी और भौगोलिक बनावट बांस की खेती के लिए काफी उपयुक्त है. यहां कई ऐसे इलाके हैं, जहां जमीन समतल नहीं है और किसान पारंपरिक फसल लगाने में कई बार काफी परेशानी महसूस करते हैं. ऐसे किसान अपनी जमीन पर बांस की खेती करके अतिरिक्त आमदनी का रास्ता खोल सकते हैं.
बांस की खेती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक बार पौधा लगाने के बाद बार-बार खाद और पटवन पर खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती. पौधे को शुरुआती दौर में देखभाल और जरूरत के अनुसार पानी देना जरूरी होता है, लेकिन स्थापित होने के बाद इसकी देखरेख अपेक्षाकृत कम करनी पड़ती है. कुछ वर्षों में बांस तैयार होने लगता है, जिसे किसान बाजार में बेचकर कमाई कर सकते हैं.
बांस की कई वैल्यू एडेड चीजों की डिमांड
वकील यादव के मुताबिक बांस की मांग सिर्फ झारखंड या बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में इसकी अच्छी खपत है. पहले बांस का इस्तेमाल मुख्य रूप से घर बनाने, छप्पर तैयार करने, सीढ़ी, टोकरी और खेती-किसानी के काम में होता था, लेकिन अब इसका इस्तेमाल कई आधुनिक चीजों को बनाने में भी किया जा रहा है.
बैंबू क्राफ्ट के जरिए बांस से आकर्षक फर्नीचर, शोपीस, बोतल और यहां तक कि घर भी तैयार किए जा रहे हैं. बाजार में बांस से बनी इन वैल्यू एडेड चीजों की मांग लगातार बढ़ रही है. यही वजह है कि बांस अब सिर्फ एक पौधा या निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बनता जा रहा है.
एक एकड़ से 50 हजार से एक लाख तक कर सकते हैं कमाई
कृषि विशेषज्ञ बताते हैं कि अगर कोई किसान एक एकड़ जमीन में बांस की खेती करता है तो उचित प्रजाति, पौधों की संख्या, देखभाल और बाजार के हिसाब से सालाना लगभग 50 हजार से एक लाख रुपये तक की आमदनी की संभावना बन सकती है. हालांकि, इसके लिए किसानों को पहले सही किस्म का चुनाव करना होगा और बिक्री की व्यवस्था समझनी होगी.
बांस तैयार होने में कुछ साल लगते हैं, इसलिए इसे तुरंत कमाई वाली खेती नहीं समझना चाहिए. लेकिन जिन किसानों के पास ऐसी जमीन है, जिसका इस्तेमाल फिलहाल नहीं हो रहा है, उनके लिए यह लंबे समय का अच्छा विकल्प बन सकता है. ऐसे में देवघर और आसपास के किसानों के लिए बांस की खेती आमदनी बढ़ाने का नया रास्ता खोल सकती है.