पलामू. बदलते दौर में ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं भी लगातार काम कर रही हैं. पलामू जिले के कौड़िया पंचायत में एसबीआई फाउंडेशन के बैनर तले एडेंट संस्था द्वारा संचालित ग्राम सेवा परियोजना इसी दिशा में एक पहल है. इसके माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन भरने और अन्य जरूरी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं.
दरअसल, चुकरी गांव में संचालित ग्राम सेवा केंद्र के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न फॉर्म भरने और जरूरी सेवाओं में सहयोग किया जाता है. पंचायत के पांच गांवों के लिए ग्राम सेवक नियुक्त किए गए हैं, जो ग्रामीणों की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी संस्था तक पहुंचाते हैं.
घर-घर जाकर होती है स्वास्थ्य जांच
संचालक के मैनेजर नितेश कुमार ने बताया कि संस्था के द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में एसबीआई संजीवनी चलता-फिरता अस्पताल ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बन रहा है. इसके माध्यम से घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाती है. निःशुल्क जांच, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाता है.
कम हुई है मरीजों की परेशानी
उन्होंने कहा कि पशुपालकों के लिए शालिहोत्र एक्सप्रेस के माध्यम से आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. एक फोन कॉल पर चिकित्सकीय टीम ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचकर पशुओं की जांच और उपचार करती है. फर्स्ट एड से लेकर विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है. इससे पशुपालकों को पशुओं को लेकर दूर अस्पताल या निजी चिकित्सक के पास जाने की परेशानी कम हुई है.
प्रशिक्षण के साथ जरूरी सामग्री भी निशुल्क
इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. प्रशिक्षण में आइब्रो, फेशियल, हेयर कटिंग, मेकअप सहित ब्यूटी पार्लर से जुड़ी विभिन्न तकनीकें सिखाई जा रही हैं. खास बात यह है कि प्रशिक्षण के साथ जरूरी सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि महिलाएं प्रशिक्षण के बाद अपना ब्यूटी पार्लर खोलकर स्वरोजगार शुरू कर सकें. इसके अलावा युवाओं को फोर्स में भर्ती की तैयारी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
नये विकास का माध्यम
पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्था काम कर रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन के लिए कचरा संग्रह वाहन चलाया जा रहा है. वहीं तेलैयबंध मध्य विद्यालय को विकसित कर कंप्यूटर लैब, साइंस लैब और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. जहां कई तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं.
एसबीआई फाउंडेशन और एडेंट संस्था की यह पहल ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, शिक्षा, सरकारी योजनाओं और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है. जो ग्रामीणों को नए और आधुनिक विकास का माध्यम बन रहा है.