![]()
जिले के अलग-अलग प्रखंडों में लगे निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविरों से 295 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। शिविरों में आए लोगों की रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन, मलेरिया समेत जरूरी जांचें मुफ्त में की गईं। जांच के बाद डॉक्टरों की सलाह पर मरीजों को निःशुल्क आयुष दवाएं भी दी गईं। शिविरों में सुशील कुमार, श्रवण यादव, सूर्य भूषण, राधिका कुमारी, दीपक कुमार, मैनुद्दीन अंसारी, आशिक अंसारी, अनिश कुमार, टिम्मा रानी ने जांच की। मरीजों को इलाज की सलाह दी। शिविर गोइलकेरा प्रखंड के बराबीर शीबासाई, झींकपानी के तकता बाजार, खूंटपानी के पोरलोंग और सोनोरो, मनोहरपुर के राईकेरा, चक्रधरपुर के जयपुर, सदर के गाड़ीखाना, तांतनगर के कोकचो, नोवामुंडी के टाटीबा में लगे। शिविरों में मलेरिया के कारण, लक्षण, नुकसान की जानकारी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षण बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, कमजोरी, शरीर में दर्द हैं। बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई। साफ-सफाई रखने को कहा गया। नियमित रूप से मच्छरदानी लगाने पर जोर दिया गया। शाम के समय शरीर ढककर रखने की बात कही गई। बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराने को कहा गया। शिविरों में योग सत्र भी हुए। लोगों को रोज योग करने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को स्वास्थ्य समस्या या मार्गदर्शन के लिए गांव की सहिया से संपर्क करने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जल्द इलाज कराने के लिए जागरूक किया गया।
Source link