![]()
पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे में फोरलेन निर्माण साइट पर फायरिंग की तैयारी कर रहे चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, लेवी नहीं मिलने पर राहुल दुबे गैंग ने फायरिंग की योजना बनाई थी। इसके बदले युवकों को डेढ़ से दो लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ चैनपुर के मंगरदाहा घाटी में जुटे हैं। वे किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। चारों युवक डीपीएस स्कूल की ओर भागने लगे एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल बनाया गया। पुलिस टीम कचरा डिपो के पास पहुंची तो चारों युवक डीपीएस स्कूल की ओर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान शाहपुर के हुसैनी मोहल्ला निवासी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू (21), शाहपुर के नई मोहल्ला निवासी मो. सैफ (20) और शाहिद खलीफा (20), और बंजारी निवासी युसुफ अंसारी (19) के रूप में हुई है। राहुल दुबे ने लहलहे की निर्माण साइट से लेवी मांगी थी पुलिस ने तलाशी में 2 पिस्टल, 12 गोलियां, 2 मैगजीन और एक खोखा जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, सईद मोसाहिद हत्या के मामले में जेल गया था। जेल में उसकी मुलाकात राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य से हुई थी। जुलाई में जेल से बाहर आने के बाद वह गैंग से जुड़ गया। पूछताछ में सईद ने बताया कि राहुल दुबे ने लहलहे की निर्माण साइट से लेवी मांगी थी। लेवी नहीं मिलने पर चारों को वहां फायरिंग करनी थी। पुलिस के मुताबिक, हथियार और गोलियां युसुफ अंसारी ने दी थीं। चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Source link