भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बकरी चोरी करते दो युवक रंगे हाथ पकड़े गए:गिरिडीह के महेशमुंडा स्टेशन...




गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित महेशमुंडा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को बकरी सहित दबोच लिया और बाद में रस्सी से बांधकर एक खंभे से बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक द्वारपहरी क्षेत्र से ट्रेन द्वारा महेशमुंडा स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन पर उतरने के बाद उनकी नजर स्टेशन परिसर के पास चर रही एक बकरी पर पड़ी। आरोप है कि उन्होंने मौका देखकर बकरी को उठाया और तुरंत ट्रेन में चढ़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। हाल के दिनों में इलाके में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीण पहले से सतर्क थे। लोगों ने तुरंत दोनों युवकों को घेर लिया और पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने बकरी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्टेशन परिसर में जमा हो गए, जहां उन्होंने दोनों की पिटाई कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को रस्सी से बांधकर एक खंभे से बांध दिया। घटना की सूचना तत्काल बेंगाबाद थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे ग्रामीण परेशान थे। लोगों को आशंका है कि इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top