![]()
रामगढ़-बोकारो मार्ग के बारलोंग स्थित सम्राट होटल के पास बुधवार देर शाम हुई भीषण सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो रेलकर्मी घायल हो गए। हादसा बस द्वारा ऑटो में टक्कर मारने की वजह से हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में सुकरीगढ़ा निवासी रिया कुमारी (20) और ऑटो चालक शामिल है। वहीं, हादसे में रविरंजन भारती एवं अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बस रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी
दरअसल, ओम ट्रावेल्स नामक बस काफी तेज गति से रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी। इसी दौरान बारलोंग स्थित सम्राट होटल के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। रिया एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑटो से रामगढ़ जा रही थी। रविरंजन और अमित रेलवे पतरातू में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। दोनों रेलवे के काम से मुरी गए थे। काम के बाद वापस पतरातू लौट रहे थे। घटना के बाद यहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार अन्य अधिकारियों और पुलिस बल के जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को सदर अस्पताल, रामगढ़ भेजा गया। सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार
घटना के बाद लगभग 30 मिनट तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही। इससे रामगढ़-बोकारो मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर, पुलिस ने बस और क्षतिग्रस्त ऑटो को जेसीबी की मदद से हटवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
Source link