बाइक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत: तिलक समारोह में शामिल होने आए थे, बाइक पर सवार एक युवक को भी चोट लगी
.
गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में गुरुवार को सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग जोधि पंडित की मौत हो गई। वह जमुआ थाना क्षेत्र के डंडाटांड़ गांव के निवासी थे।
बताया जाता है कि जोधि पंडित सिहोडीह में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान सड़क किनारे पैदल चलते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक पर सवार एक युवक को भी चोट लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जोधि पंडित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक सवार होकर वहां से गुजर रहे थे। तभी बाइक अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोधि पंडित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल घायल बुजुर्ग को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बाइक पर सवार एक युवक भी हादसे में घायल हो गया, जिसका इलाज कराया गया। घटना के बाद बाइक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।