Last Updated:
एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. कंपनी के परिसर से लिए गए पानी के सैंपल में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट मिला था. अपील के बाद रेफरेल लैब ने PAHs की मौजूदगी भी बताई. बिसलेरी ने पानी को सुरक्षित बताया है.
FSSAI ने मामले को गंभीरता से लिया है.
बात जब पैक्ड पानी की आती है तो देश में सबसे ज्यादा भरोसा लोग बिसलेरी के पानी पर करते हैं. इस ब्रॉन्ड के पानी के एक बैच को पीने के लिए अनसेफ पाए जाने के बाद अब एफएसएसएआई यानी भारतीय खद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण बड़े एक्शन की तैयारी में है. एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. नियामक के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पानी तय मानकों पर खरा नहीं उतरा. कंपनी की अपील के बाद सैंपल रेफरल लैब भेजा गया. वहां भी पानी को असुरक्षित बताया गया. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी प्लांट से लिए गए इस सैंपल (बैच नंबर PB 201) में सेहत के लिए बेहद खतरनाक क्लोरोफॉर्म की मौजूदगी मिली है. इस बैच की मैन्युफैक्चरिंग डेट 20 जुलाई 2026 और एक्सपायरी 19 जनवरी 2027 दर्ज थी. प्राइमरी और रेफरल दोनों लैब की जांच में पानी फेल होने के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को ही इसकी बिक्री पर रोक लगा दी थी. अब इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी गई है और नोटिस भी जारी किया गया है. साथ ही FSSAI अब देशभर के सभी वाटर ब्रांड्स के सैंपल की जांच में जुट गया है.
लैब जांच में क्या मिला?
FSSAI ने बताया कि कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नियामक सैंपल लिया गया था. जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली. इसके बाद सैंपल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया. कंपनी ने इस जांच के नतीजे को चुनौती दी थी. इसके बाद सैंपल रेफरल फूड लैब भेजा गया. FSSAI के मुताबिक, वहां भी पानी को असुरक्षित पाया गया. दूसरी जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई. दोनों जांच के नतीजों के आधार पर नियामक ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है. इसका मतलब है कि अब कंपनी के खिलाफ मुकदमा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है. हालांकि, यह अदालत में दोष साबित होने के बराबर नहीं है.
बिसलेरी ने क्या सफाई दी?
FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपना पक्ष रखा. कंपनी ने कहा कि उसका पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पीने के लिए सुरक्षित है. कंपनी के मुताबिक, वह पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए कई स्तरों पर परीक्षण करती है. बिसलेरी ने यह भी कहा कि उसे नियामक की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है. कंपनी के अनुसार, इस मामले से जुड़े जांच नतीजे उसने फरवरी 2026 में FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजे थे. इसके बाद उसे कोई सूचना नहीं मिली. कंपनी ने कहा कि वह खाद्य सुरक्षा नियामक के साथ सहयोग करेगी. इस मामले में कंपनी और नियामक के दावों के बीच अब कानूनी प्रक्रिया अहम होगी.
दूसरे ब्रांड के पानी की भी होगी जांच
बिसलेरी के मामले के बीच FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की देशभर में निगरानी बढ़ाई है. नियामक अलग-अलग कंपनियों के पानी के सैंपल जुटा रहा है. इनकी लैब जांच के बाद नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. FSSAI के सीईओ रजित पुन्हानी ने कहा कि जांच के नतीजे आने में एक से दो महीने लग सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी एक कंपनी तक सीमित नहीं है. इसका मकसद बाजार में बिकने वाले खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है. इसलिए फिलहाल बिसलेरी के मामले को एक सैंपल की जांच और उससे जुड़ी नियामक कार्रवाई के तौर पर देखना चाहिए. जांच के नतीजों और कानूनी प्रक्रिया से आगे की स्थिति साफ होगी.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…