भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बेतला नेशनल पार्क जा रहे हैं तो जरूर देखें ये नेचर म्यूजियम,...


Last Updated:

Betla National Park Prakrati Vkakhya Kendra: पलामू टाइगर रिजर्व जाएं तो प्रकृति व्याख्या केंद्र सह संग्रहालय जरूर विजिट करें. यहां आपको अलग ही अनुभव मिलेगा और कई सारी ऐसी जानकारियां भी जो किताबों में भी नहीं मिलती. यह पर्यटकों को जंगल, वन्य जीव व पर्यावरण को करीब से समझने का अवसर दे रहा है.

झारखंड राज्य के लातेहार जिले के इकलौते पलामू टाइगर रिजर्व की पहचान अब केवल जंगल सफारी और प्राकृतिक हरियाली तक सीमित नहीं है. बेतला नेशनल पार्क के समीप स्थित प्रकृति व्याख्या केंद्र सह संग्रहालय पर्यटकों को जंगल, वन्य जीव और पर्यावरण को करीब से समझने का अनोखा अवसर दे रहा है. यहां आने वाले सैलानी रोमांच के साथ ज्ञान भी हासिल कर रहे हैं.

बेतला आने वाले अधिकांश पर्यटक किला, जंगल सफारी और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेकर लौट जाते हैं. लेकिन प्रकृति व्याख्या केंद्र का भ्रमण किए बिना यह यात्रा अधूरी मानी जाती है. संग्रहालय में प्रवेश करते ही ऐसा एहसास होता है मानो जंगल स्वयं अपनी कहानी सुना रहा हो.

बता दें कि इस केंद्र में पलामू टाइगर रिजर्व की जैव विविधता, वन्य जीवों की विभिन्न प्रजातियों, उनके आवास और जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है. यहां ऐसी कई जानकारियां मिलती हैं, जो सामान्य पुस्तकों में भी आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

बता दें कि संग्रहालय में बाघ, तेंदुआ, हिरण सहित कई वन्य जीवों के कंकाल प्रदर्शित किए गए हैं. इसके अलावा बाघ के फेफड़े (लंग्स), किडनी, अजगर (पाइथन) के शरीर के अंग तथा अन्य संरक्षित जैव नमूनों को भी सुरक्षित रखा गया है. इन्हें देखकर पर्यटक वन्य जीवों की शारीरिक संरचना को करीब से समझते हैं और रोमांचित हो उठते हैं.

बता दें कि संग्रहालय का एक विशेष आकर्षण पक्षियों की आवाज सुनाने वाली मशीन है. इसमें बेतला जंगल में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों की आवाजों का संग्रह किया गया है. बटन दबाते ही अलग-अलग पक्षियों की मधुर ध्वनियां सुनाई देती हैं, जिससे पर्यटकों को जंगल के प्राकृतिक वातावरण का अनूठा अनुभव मिलता है.

प्रकृति व्याख्या केंद्र में प्रवेश शुल्क मात्र 20 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है. कम शुल्क में मिलने वाला यह अनुभव बच्चों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है.

अगर आप बेतला नेशनल पार्क घूमने की योजना बना रहे हैं, तो प्रकृति व्याख्या केंद्र सह संग्रहालय को अपनी यात्रा का हिस्सा जरूर बनाएं. यहां जंगल केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि उसकी जैव विविधता, वन्य जीवन और संरक्षण की पूरी कहानी जीवंत रूप में देखने और समझने का अवसर मिलता है. यही अनुभव इस संग्रहालय को पलामू टाइगर रिजर्व का एक बेहद अनोखा आकर्षण बनाता है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top