Last Updated:
Tips and Tricks: पलामू के कृषि एक्सपर्ट डॉ. डी. एस. श्रीवास्तव ने गर्मी में गुलाब की देखभाल के लिए गोइठा खाद, केले के छिलके, एलोवेरा मिक्सचर और हल्की गुड़ाई की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि इस 5 ट्रिक से पौधे गुलाब के फूलों से लद जाएंगे. आइये जानते हैं पाचों आसान उपाय.
पलामू: गर्मी के दिनों में पौधों को बचाकर रखना किसी कला से कम नहीं होता है. तेज धूप और गर्म हवाएं पौधों की चमक और ताजगी छीन लेती हैं. खासकर गुलाब के पौधों को इस मौसम में ज्यादा देखभाल की जरूरत पड़ती है. अगर सही समय पर सही पोषण और देखभाल मिल जाए तो भीषण गर्मी में भी गुलाब के पौधे फूलों से लद सकते हैं. मई का महीना गुलाब की देखभाल के लिए बेहद अहम होता है. क्योंकि इसी समय पौधे नई शाखाएं और कलियां बनाना शुरू करते हैं.
पलामू के कृषि एक्सपर्ट डॉ. डी. एस. श्रीवास्तव बताते हैं कि गर्मी में पौधों पर दो तरह का असर पड़ता है. पहला सीधी धूप और दूसरा गर्म हवा का. ऐसे में जो पौधे लोग शौक से लगाते हैं, खासकर गुलाब, उनकी विशेष देखभाल जरूरी हो जाती है. उनका कहना है कि इस मौसम में भूलकर भी गमला बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. क्योंकि इससे पौधों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं और पौधा सूखने लगता है. इस समय गुलाब को अधिक पोषण की आवश्यकता होती है.
गोइठा वाला देशी खाद
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार एक बाल्टी पानी में सूखा गोबर का उपला यानी गोइठा डालकर एक दिन तक छोड़ दें. अगले दिन उपले को निकाल लें और उस पानी को पौधों में डाल दें. यह गुलाब और दूसरे फूल वाले पौधों के लिए बेहतरीन देशी खाद का काम करता है. इससे पौधों को प्राकृतिक पोषण मिलता है और गर्मी में भी पौधे हरे-भरे बने रहते हैं.
केले के छिलके और एलोवेरा का मिक्सचर
गुलाब के पौधों में फूल बढ़ाने के लिए केले के छिलके और एलोवेरा बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. केले के छिलकों में पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो पौधे की ग्रोथ और फ्लावरिंग को बेहतर बनाता है. वहीं, एलोवेरा पौधों को नमी और ताकत देता है. इसके लिए केले के छिलके और एलोवेरा को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में मिलाएं और एक दिन तक छोड़ दें. इसके बाद इस मिश्रण को पौधों में डालें. यह सुपर खाद की तरह काम करता है.
मिट्टी की हल्की गुड़ाई
उन्होंने बताया कि मई के महीने में पौधों की जड़ों के आसपास हल्की गुड़ाई करनी चाहिए. इससे मिट्टी में हवा का संचार बेहतर होता है और खाद का असर सीधे जड़ों तक पहुंचता है. गुड़ाई के बाद पौधों में अच्छी तरह पानी देना जरूरी होता है.
जरूरत से ज्यादा खाद से बचें
गर्मी में पौधों को पोषण देना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा खाद डालना नुकसान भी पहुंचा सकता है. अधिक खाद से पौधों की जड़ें जल सकती हैं. इसलिए सीमित मात्रा में नेचुरल फर्टिलाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए. नियमित पानी, सही धूप और संतुलित पोषण मिलने पर गर्मियों में भी गुलाब के पौधे भरपूर फूल दे सकते हैं. अगर इन आसान घरेलू उपायों को अपनाया जाए तो गर्मी के मौसम में भी गुलाब के पौधे न सिर्फ सुरक्षित रहेंगे, बल्कि खूबसूरत फूलों से भर जाएंगे.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें