![]()
भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव थाना पुलिस द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी अमित कुमार ने किया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। अभियान के दौरान लगभग एक दर्जन ऐसे वाहनों को पकड़ा गया, जिनके चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट, बिना वैध दस्तावेज, तेज गति एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।चेकिंग अभियान में एएसआई आलोक कुमार एवं रणवीर प्रसाद पुलिस दलबल के साथ मौजूद थे।
Source link