![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो सीआरएम-1 एवं सीआरएम-2 के पिकलिंग लाइन में कार्यरत मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर जय झारखंड मजदूर समाज ने इंडोक्स ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन को हड़ताल नोटिस सौंपा है। इस दौरान चेतावनी दी गई कि यदि 14 दिनों के भीतर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 19 से 25 जून तक सात दिवसीय हड़ताल किया जाएगा। झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी के बोकारो यूनिट के महाप्रबंधक राजेश्वर महतो के माध्यम से प्रबंध निदेशक को मांग पत्र सह हड़ताल नोटिस सौंपा। इसकी प्रतिलिपि सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय) धनबाद, मुख्य महाप्रबंधक सीआरएम-1 एवं 2 तथा महाप्रबंधक एचआर (आईआर) को भी भेजा गया है। चौधरी ने आरोप लगाया कि एसिड प्लांट में कार्यरत मजदूरों के साथ लंबे समय से आर्थिक एवं मानसिक शोषण किया जा रहा है। 16 अप्रैल को मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन 3 मई तक प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसलिए यूनियन हड़ताल नोटिस देने के लिए बाध्य हुआ। मजदूरों ने बकाया भुगतान, 20 दिन की कार्य अवधि पर एक अर्जित अवकाश (ईएल), एसएसडब्ल्यू को एसडब्ल्यू बनाने, अतिरिक्त कार्य के लिए ओवरटाइम भुगतान तथा ईएल भुगतान में हुई गड़बड़ियों को सुधारने की मांग की है। मौके पर संयुक्त महामंत्री एनके सिंह, सीकेएस मुंडा, मानिक चंद्र साह, राजेंद्र प्रसाद, देवेंद्र गोराई, बीके साह, आई अहमद, रमा रवानी, बादल कोयरी, अमोद कुमार, कार्तिक सिंह, दयाल मांझी, बिनोद कुमार आदि उपस्थित थे।
Source link