भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मानसून ने पकड़ी तूफानी रफ्तार, 5 राज्‍यों में रेड अलर्ट, कहां कल...


नई दिल्‍ली. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दावा किया है कि देश में मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून आज कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे चुका है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर फिर से लौटने वाला है. ऐसे में वीकेंड पर बाहर निकलने से पहले आपके लिए कल का मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों में मौसम की जानकारी क्या है, यह जानना बेहद जरूरी है. आइए देश के अलग-अलग हिस्सों के अनुसार जानते हैं मौसम का हाल.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 7 दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने वाला है.

• केरल और कर्नाटक: केरल में 6 और 7 जून को अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) का अनुमान है. अगर आप इन राज्यों में रहते हैं, तो कल का मौसम आपके लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

• तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत: तमिलनाडु में भी भारी बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे) के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.

दिल्‍ली-UP, राजस्‍थान में धूल भरी आंधी

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को कल का मौसम मिलाजुला देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है.

आंधी और तूफान का अलर्ट: राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 6 जून को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और आंधी-तूफान (Thundersquall) की चेतावनी दी गई है.

तापमान में उतार-चढ़ाव: उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 5 जून तक 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन 6 जून से एक बार फिर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी शुरू होने जा रही है. ऐसे में कल का मौसम धीरे-धीरे गर्म होने की तरफ बढ़ेगा.

कहां जारी रहेगी हीटवेव?
एक तरफ जहां देश के आधे हिस्से में मानसून मेहरबान है, वहीं कुछ राज्यों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. IMD से प्राप्‍त मौसम की जानकारी के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 5 और 6 जून को अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है. इसके अलावा, ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक मौसम बेहद गर्म और उमस भरा बना रहेगा, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.

यदि आप शनिवार को किसी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं, तो अपने इलाके में कल का मौसम कैसा रहेगा, इसकी पूरी अपडेट देखकर ही घर से बाहर निकलें. दक्षिण भारत में जहां लोगों को जलजमाव से बचना होगा, वहीं राजस्थान, दिल्‍ली और उत्तर प्रदेश के लोगों को तेज आंधी और बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहना चाहिए. देश के विभिन्न राज्यों के मौसम का हाल जानने के लिए स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन जरूर करें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top