सिटी रिपोर्टर | रांची मुहर्रम की पहली तारीख बुधवार की रात महावीर चौक स्थित चौताल इमामबाड़ा में नियाज-फातिहा के बाद सरकारी अलम खड़ा किया गया। प्रमुख खलीफा मोहम्मद महफूज गद्दी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष जमशेद अली पप्पू गद्दी, महासचिव अकिलुर्रहमान, इमाम बख्श अखाड़ा के प्रमुख खलीफा मो महजूद, लीलू अली अखाड़ा के खलीफा मो सज्जाद, आफताब आलम, सज्जाद इदरीसी, धौताल अखाड़ा के अध्यक्ष कादीर गद्दी और महावीर मंडल के अध्यक्ष सागर वर्मा व पूर्व अध्यक्ष जय सिंह यादव सहित दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। दूसरी ओर, हरमू धौताल अखाड़ा के खलीफा मोहम्मद निशाद ने बताया कि हरमू इमली चौक पर भी रात 9:30 बजे नियाज-फातिहा के बाद निशान खड़ा किया गया। शहर के अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में भी निशान खड़े किए जाने के साथ ही अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिताएं और अभ्यास शुरू हो गया है। अखाड़ों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग देर रात तक लाठी व अन्य पारंपरिक खेलों का अभ्यास कर रहे हैं। इधर, डोरंडा सेंट्रल मुहर्रम कमेटी की ओर से मुहर्रम की पहली तारीख पर रस्म ए पगड़ी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीएम, एसडीएम, ग्रामीण एसपी, हटिया थाना प्रभारी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कमेटी की ओर से सभी अतिथियों का पगड़ी बांध कर स्वागत किया गया।
Source link