राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर खेलेगा भारत, जीतेगा भारत थीम के तहत 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। आयोजन हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। इससे पहले अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण किया। पुष्प अर्पित किए। हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी और आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया। जिला खेल पदाधिकारी की ओर से अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कमलेश्वर मांझी ने किया। वहीं 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली हॉकी झारखंड टीम की सदस्य खिलाड़ियों को जिला खेल कार्यालय ने मोमेंटो, अंगवस्त्र, शॉल देकर सम्मानित किया। अंडर-18 एशिया कप हॉकी में भारतीय टीम की सदस्य रहीं संदीपा कुमारी की प्राथमिक कोच सुभीला मिंज को भी जिला खेल कार्यालय, सिमडेगा ने सम्मानित किया। संदीपा कुमारी ने तीन मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया था। चैंपियनशिप में 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 18 महिला टीमें हैं। 40 पुरुष टीमें हैं। प्रतियोगिता 29 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक चलेगी। महिला और पुरुष वर्ग मिलाकर कुल 128 मैच खेले जाएंगे।
Source link