Last Updated:
मैट्रिक या इंटर की परीक्षा में फेल हुए छात्रों को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) के माध्यम से दोबारा पढ़ाई का अवसर मिल रहा है. शिक्षा विभाग द्वारा निःशुल्क नामांकन की सुविधा दी जा रही है. जिसके लिए 30 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है.
पलामूः छात्रों के लिए अब सुनहरा अवसर आया है. जहां मैट्रिक या इंटर की परीक्षा में फेल हो चुके छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. अब परीक्षा में असफल होने के बाद विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई छोड़ने की जरूरत नहीं है. शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) के माध्यम से नामांकन का अवसर दिया जा रहा है. इसके तहत विद्यार्थी दोबारा पढ़ाई कर मैट्रिक और इंटर की परीक्षा पूरी कर सकते हैं.
बता दें कि इस योजना का लाभ केवल परीक्षा में फेल हुए विद्यार्थियों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि वैसे छात्र-छात्राएं भी इसका लाभ उठा सकते हैं, जिन्होंने किसी कारण से बीच में अपनी पढ़ाई छोड़ दी है. अगर अब वे दोबारा मैट्रिक या इंटर की पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं, तो उनके लिए यह बेहतर अवसर है. शिक्षा विभाग का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है.
30 अगस्त तक करना होगा आवेदन
पलामू जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पलामू अंबुज पांडेय ने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए प्रखंड स्तर या विद्यालय स्तर पर आवेदन जमा किया जा सकता है. आवेदन के साथ विद्यार्थी को अपना नाम, पिता का नाम, आधार नंबर और पूरा पता देना होगा. इसके साथ एक प्रति भी संलग्न करनी होगी. विभाग की ओर से आवेदन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.
पलामू की 265 पंचायतों में बनेगा केंद्र
बता दें कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और तैयारी के लिए पलामू जिले में व्यापक स्तर पर केंद्र बनाए गए हैं. पंचायत स्तर पर विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में चयनित किया गया है. जिले की 265 पंचायतों को इसके लिए चयनित किया गया है. इसके अलावा प्रखंड स्तर पर भी केंद्र संचालित होंगे, जहां विद्यार्थियों को पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी में सहायता मिलेगी.
इसी सत्र में होगा नामांकन
उन्होंने कहा कि नामांकन इसी सत्र में किया जाएगा. इसका मतलब है कि आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अगले सत्र का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. अध्ययन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और परीक्षा की तैयारी करने का अवसर मिलेगा. जिससे उन्हे अपने भविष्य को संवारने का अवसर मिल रहा है.
विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर
बता दें कि NIOS के माध्यम से मिलने वाला यह अवसर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो मैट्रिक या इंटर में असफल होने के कारण आगे की पढ़ाई को लेकर परेशान हैं. ऐसे विद्यार्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है. वहीं बीच में पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थी भी दोबारा शिक्षा से जुड़कर अपनी शैक्षणिक योग्यता पूरी कर सकते हैं. शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 30 अगस्त से पहले अपना आवेदन जमा कर इस अवसर का लाभ उठाएं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें