भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

ये है ‘झारखंड का छिपा स्वर्ग’…यहां प्रकृति रहती है पूरे शबाब पर,...


Last Updated:

Latehar Famous Tourist Destination: लातेहर के सुग्गा बांध पर यूं तो सालभर पर्यटकों की आवक बनी रहती है पर गर्मियों की छुट्टियों में यह जगह लोगों का पसंदीदा ठिकाना बन जाती है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती मन मोहती है. बांध, ग्रीनरी, घने जंगलों के बीच बहता दूधिया पानी, यहां आने के बाद वापस जाने का दिल नहीं करता.

ख़बरें फटाफट

लातेहर. गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ प्राकृतिक और शांत पर्यटन स्थलों की तलाश में निकल पड़ते हैं. ऐसे में झारखंड का पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन जाता है. बेतला से लेकर नेतरहाट तक फैला यह इलाका अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और मनमोहक वादियों के लिए देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है. इसी मार्ग पर जंगलों के बीच एक ऐसी जगह भी मौजूद है, जिसे स्थानीय लोग झारखंड का छिपा हुआ स्वर्ग कहते हैं. यह खूबसूरत जगह लातेहार जिले में स्थित सुग्गा बांध है, जो पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

प्राकृतिक सुंदरता का अनोखा संगम
सुग्गा बांध अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. घने जंगलों के बीच बहता दूधिया रंग का पानी और चारों ओर फैली हरियाली यहां आने वाले पर्यटकों को सुकून और शांति का अलग अनुभव कराती है. बांध के आसपास का माहौल इतना शांत और सुंदर है कि यहां पहुंचते ही शहर की भागदौड़ और तनाव से राहत मिल जाती है. वन विभाग द्वारा विकसित की गई पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं.

सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान
सुग्गा बांध की देखरेख स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बनाई गई इको विकास समिति करती है. पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां बेहतर व्यवस्था की गई है. प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 10 रुपये शुल्क तय है, जबकि कार पार्किंग के लिए 50 रुपये और बाइक पार्किंग के लिए 20 रुपये लिए जाते हैं. इसके अलावा पर्यटकों के लिए खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध है. यहां एक छोटा होटल भी चलाया जाता है, हालांकि लोग चाहें तो अपना भोजन और जरूरी सामान साथ लेकर भी आ सकते हैं.

रोमांच और शांति का अनोखा अनुभव
सोलो ट्रैवलर अमित सिंह ने लोकल18 को बताया कि उन्होंने झारखंड के पर्यटन स्थलों के बारे में पढ़ते समय सुग्गा बांध का नाम सुना था. इसके बाद यहां आने की इच्छा हुई और जब वे यहां पहुंचे, तो प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया. उनके अनुसार, यह क्षेत्र सुरक्षा कारणों से नियंत्रित और सुरक्षित है, जिससे पर्यटक सुरक्षित माहौल में प्रकृति का आनंद ले सकते हैं. जंगलों के बीच स्थित यह जलधारा और आसपास का माहौल मन को शांति देता है. यही कारण है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचकर प्रकृति के बीच यादगार पल बिताते हैं.

गर्मी में बन रहा पसंदीदा पर्यटन स्थल
गर्मी के मौसम में जब तापमान लगातार बढ़ता है, तब सुग्गा बांध अपने ठंडे और शांत माहौल के कारण लोगों को खास तौर पर आकर्षित करता है. परिवार, दोस्तों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है. प्राकृतिक सुंदरता, सुरक्षा, सुविधाएं और रोमांच का शानदार मेल सुग्गा बांध को झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल करता है. यही वजह है कि आज यह जगह केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों की भी पहली पसंद बनती जा रही है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top