![]()
बुढ़मू के अंचल अधिकारी (सीओ) सच्चिदानंद कुमार वर्मा की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की गई गिरफ्तारी पर झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ (झासा) ने कड़ा विरोध जताया है। रविवार को केंद्रीय कार्यकारिणी की आपात बैठक में संघ ने इस कार्रवाई को गैरकानूनी, असंवैधानिक और दमनकारी बताते हुए इसकी निंदा की। झासा का आरोप है कि एसीबी ने नियमों की अनदेखी करते हुए 9 जुलाई की अहले सुबह 3 बजे सीओ को उनके आवास से अपमानजनक तरीके से गिरफ्तार किया और इसकी सूचना परिजनों तक को नहीं दी। संघ का दावा है कि सीओ न तो रंगे हाथ पकड़े गए और न ही उनके पास से कोई वित्तीय बरामदगी हुई। झासा ने आशंका जताई कि अधिकारी भू-माफियाओं के षड्यंत्र का शिकार हुए हैं। संघ ने कहा कि इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक संवर्ग का मनोबल प्रभावित हुआ है। उसने राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले एसीबी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द न्याय नहीं मिला तो राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Source link