Last Updated:
त्योहारी सीजन और गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है .दानापुर-बेंगलूरु और सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही दानापुर-बेंगलूरु ट्रेन का रूट बदलकर अब गुंटूर-धर्मवरम के रास्ते कर दिया गया है.
भारतीय रेल की फाइल फोटो
पटना: त्योहारी सीजन और गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. रेलवे प्रशासन ने दानापुर-बेंगलूरु और सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि को आगामी 15 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है. पूर्व मध्य रेलवे ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए यात्रियों से इन ट्रेनों में बुकिंग कराकर लाभ उठाने की अपील की है.
दानापुर-बेंगलूरु स्पेशल के फेरे बढ़े, रूट में भी बदलाव
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03251/03252 दानापुर-एसएमभीबी (बेंगलूरु)-दानापुर स्पेशल अब 15 जुलाई तक अपनी सेवाएं देगी. यह ट्रेन डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर और विजयवाड़ा के रास्ते चलेगी। खास बात यह है कि इस बार ट्रेन के रूट में भी बदलाव किया गया है. पहले यह ट्रेन पेरम्बूर और काटापाडी होकर चलती थी, लेकिन अब इसे गुंटूर, गुत्ती, धर्मवरम और यलहंका रूट से संचालित किया जाएगा.
- दानापुर से शेड्यूल: गाड़ी संख्या 03251 स्पेशल 1 जून से 15 जुलाई तक प्रतिदिन दानापुर से दोपहर 3:00 बजे खुलेगी और तीसरे दिन दोपहर 2:30 बजे बेंगलूरु पहुंचेगी.
- बेंगलूरु से शेड्यूल: वापसी में गाड़ी संख्या 03252 स्पेशल 3 जून से 18 जुलाई तक रोजाना रात 11:50 बजे बेंगलूरु से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन रात 11:55 बजे दानापुर पहुंचेगी.
- कोच की स्थिति: यात्रियों की सहूलियत के लिए इस ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास के 2, थर्ड एसी के 3, स्लीपर के 10 और सामान्य श्रेणी के 7 कोच सहित पर्याप्त व्यवस्था की गई है.
सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल की अवधि भी बढ़ी
इसके साथ ही रेलवे ने उत्तर बिहार और झारखंड के यात्रियों को जोड़नी वाली गाड़ी संख्या 05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ मेमू स्पेशल की अवधि में भी विस्तार किया है। अब यह ट्रेन भी 1 जून से 15 जुलाई तक रोजाना पटरी पर दौड़ेगी। यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
- समय सारणी: गाड़ी संख्या 05573 सरायगढ़ से सुबह 3:05 बजे खुलकर सुबह 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी.
- वापसी में गाड़ी संख्या 05574 देवघर से सुबह 11:35 बजे चलकर रात 10:15 बजे सरायगढ़ वापस लौटेगी.
रेलवे प्रशासन का मानना है कि इन दोनों स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ने से दक्षिण भारत और बाबा नगरी देवघर जाने वाले आम रेल यात्रियों को सीट की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.