![]()
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीएलएफआई के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। यह उग्रवादी निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास लेवी नहीं मिलने पर फायरिंग करने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान बालूमाथ के हाथडीह निवासी लालदेश्वर यादव (28) के रूप में हुई है। बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि 9 अगस्त की रात करीब 11:10 बजे लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी। लेवी की राशि न मिलने के कारण फायरिंग की योजना बना रहा था सूचना के अनुसार, पीएलएफआई कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी उर्फ दिलीप यादव के साथ काम करने वाला लालदेश्वर यादव विद्यालय के ठेकेदार से लेवी की राशि न मिलने के कारण फायरिंग की योजना बना रहा था। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एक छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम जब निर्माणाधीन विद्यालय के पास पहुंची, तो पुलिस बल को देखते ही बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक तेज गति से भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। बाइक सड़क पर बने ज्वरा पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई पीछा करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर विश्रामपुर जाने वाली सड़क पर बने ज्वरा पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक चला रहा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए युवक की पहचान लालदेश्वर यादव के रूप में हुई। पुलिस गिरफ्तार आरोपी लालदेश्वर यादव से पूछताछ कर रही है। साथ ही, फरार युवक और पीएलएफआई संगठन से उसके संबंधों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link