![]()
डोमचांच | प्रखंड के पीएम श्री प्लस-2 विद्यालय, बेहराडीह में मंगलवार को नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि आज के समय में नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का सबसे बड़ा कारण बनता जा रहा है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उसके परिवार, समाज और करियर पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और यदि युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ जाएगा तो समाज और राष्ट्र के विकास पर भी इसका असर पड़ेगा। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी नशा नहीं करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “नशा को करो ना, जिंदगी को करो हां”। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में रुचि लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। लावालौंग|भारतीय जनता पार्टी लावालौंग मंडल की ओर से सोमवार को यज्ञशाला परिसर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू ने की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मसम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।उन्होंने “राष्ट्र प्रथम, राजनीति बाद में” के सिद्धांत को जीवनभर अपनाया।कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए उनके नारे “एक विधान, एक निशान,एक प्रधान” को दोहराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल महामंत्री बिहारी भारती, भाजयुमो अध्यक्ष विवेक केशरी, भाजयुमो महामंत्री अनिल सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष निर्मल विश्वकर्मा, प्रमोद साहू, अशोक यादव,निर्मल भारती, रामजीत गंझु समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता ने अहम भूमिका अदा की।
Source link