![]()
पलामू के पंडवा थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की राजहरा कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों और कोलियरी प्रबंधन के बीच विवाद गहरा गया है। जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार की शाम ब्लास्टिंग के लिए जा रहे विस्फोटक वाहन का रास्ता रोक दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। इसमें तीन ग्रामीण और तीन महिला पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। महिला आरक्षी तारा देवी ने इस संबंध में छह नामजद और 35 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कराया है। ब्लास्टिंग के कारण मकानों को पहुंचा नुकसान ग्रामीणों का कहना है कि सीसीएल प्रबंधन बिना उचित मुआवजा दिए उनके घरों के आसपास खनन और हैवी ब्लास्टिंग करा रहा है। ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों में दरारें आ गई हैं और मकानों को नुकसान पहुंचा है। इससे सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है। ब्लास्टिंग का काम नहीं होने देंगे: ग्रामीण उनका कहना है कि जब तक प्रभावित परिवारों को घर और जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक वे खनन और ब्लास्टिंग का काम नहीं होने देंगे। इसी विरोध के दौरान पंडवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्रामीणों ने सीसीएल के लिए जा रहे विस्फोटक वाहन का रास्ता रोक दिया है। इसके बाद महिला आरक्षी तारा देवी पुलिस बल के साथ राजहरा कोलियरी पहुंचीं। ग्रामीणों ने सीसीएल कांटा घर तक जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर रखा था। इस कारण विस्फोटक वाहन समेत अन्य गाड़ियां खड़ी थीं। कुछ महिलाएं विस्फोटक से भरे वाहन के बिल्कुल नजदीक चली गईं और वाहन के पास लेट गईं। पुलिस ने उन्हें वाहन से दूरी बनाने को कहा तो कुछ लोग उनसे उलझ गए और मारपीट करने लगे। महिला आरक्षी के सिर में गंभीर चोट आई एफआईआर में कहा गया है कि महिला आरक्षी तारा देवी के सिर में गंभीर चोट आई। आशा कुमारी के चेहरे, कंधे और हाथ में चोट लगी, जबकि खुशबू कुमारी की एक उंगली टूट गई। इससे दो दिन पूर्व सीसीएल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत कर्मी बलराम साव ने भी 500 किलो विस्फोटक वाहन रोकने और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने को लेकर एफआईआर के लिए आवेदन दिया था। इस आवेदन पर 15 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ है।
Source link