Last Updated:
पलामू में शादी के सीजन में हल्दी और मेहंदी के लिए रेजिन फ्लावर सेट का नया ट्रेंड छाया है. 400 से 800 रुपये तक की कीमत वाले इन सेटों की मांग बाजार में तेजी से बढ़ रही है. इसकी खूबसूरती की भी लोग तारीफ कर रहे हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में.
पलामू: शादी का सीजन शुरू होते ही बाजार में दुल्हनों के लिए आकर्षक ज्वेलरी और फैशन एक्सेसरीज की नई-नई वैरायटी देखने को मिल रही है. हर दुल्हन अपनी शादी के हर फंक्शन में सबसे खूबसूरत और आकर्षक दिखना चाहती है. ऐसे में इस बार हल्दी और मेहंदी की रस्म के लिए फ्लावर ज्वेलरी का नया ट्रेंड बाजार में छाया हुआ है. सबसे खास बात यह है कि इस बार पारंपरिक फूलों की ज्वेलरी के साथ रेजिन से तैयार किए गए फ्लावर सेट ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं. इनकी खूबसूरती और आकर्षक डिजाइन के कारण इनकी मांग लगातार बढ़ रही है.
हल्दी-मेहंदी के लिए खास रेजिन फ्लावर सेट
दुकानदार राजीव कुमार ने बताया कि शादी के अलग-अलग फंक्शन के अनुसार ज्वेलरी का ट्रेंड भी बदलता रहता है. इस बार हल्दी और मेहंदी की रस्म के लिए रेजिन फ्लावर सेट खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इन सेटों में रेजिन से तैयार किए गए फूलों को खूबसूरत तरीके से सजाया गया है. फूलों की बाहरी परत पर गोल्डन कलर की आउटलाइन दी गई है, जबकि बीच में मोतियों का इस्तेमाल कर इन्हें और भी आकर्षक बनाया गया है. गोल्डन फिनिश और मोतियों का कॉम्बिनेशन इनकी खूबसूरती को खास बनाता है. ये ज्वेलरी हल्दी और मेहंदी के पारंपरिक परिधानों के साथ काफी आकर्षक लुक देती हैं.
टीका सेट से लेकर हाथ फूल तक की वैरायटी
उन्होंने आगे कहा कि फ्लावर ज्वेलरी में ग्राहकों को कई तरह के विकल्प मिल रहे हैं. इसमें मेहंदी के लिए फ्लावर ज्वेलरी, हल्दी के लिए विशेष सेट, माथे पर पहनने के लिए टीका सेट और गले के हार शामिल हैं. इसके अलावा हाथों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए हाथ फूल भी उपलब्ध हैं. सबसे खास बात यह है कि ग्राहक अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार कस्टमाइज हाथ फूल भी तैयार करवा सकते हैं. इससे दुल्हन अपनी ड्रेस और फंक्शन की थीम के अनुसार ज्वेलरी का चयन कर सकती हैं. दुल्हन के अलावा उनकी बहनें, भाभियां और सहेलियां भी इस तरह की ज्वेलरी को पसंद कर रही हैं.
400 से 800 रुपये तक में मिल रहै फ्लावर सेट
अगर कीमत की बात करें तो रेजिन से तैयार फ्लावर ज्वेलरी सेट 400 से 800 रुपये तक में उपलब्ध हैं. वहीं हाथ फूल की कीमत 200 से 300 रुपये तक है. कम कीमत में आकर्षक और यूनिक लुक मिलने के कारण युवा महिलाओं के बीच इनकी लोकप्रियता बढ़ रही है. फैशन के बदलते दौर में अब दुल्हनें सिर्फ शादी के मुख्य दिन ही नहीं, बल्कि हल्दी, मेहंदी और अन्य छोटी-बड़ी रस्मों के लिए भी अलग-अलग ज्वेलरी चुन रही हैं. यही वजह है कि इस शादी सीजन में रेजिन के फ्लावर सेट बाजार में नया फैशन ट्रेंड बनकर उभरे हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…