Last Updated:
फरीदाबाद की 5 भाई कॉलोनी में सीवर का गंदा पानी सड़कों और घरों तक पहुंचने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है. जलभराव और बदबू के कारण बच्चों का स्कूल जाना, लोगों का घर से निकलना और रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.
फरीदाबाद: शहर की 5 भाई कॉलोनी में रहने वाले लोग इन दिनों गंदगी और गटर के पानी की समस्या से परेशान हैं. कॉलोनी की गलियों में सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है. कई जगह पानी घरों तक पहुंच रहा है और पूरे इलाके में बदबू फैली हुई है. लोगों का कहना है कि बरसात होने के बाद हालात और खराब हो जाते हैं. बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल है और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं.
हमारी गली का बहुत बुरा हाल है
Local18 से बातचीत में स्थानीय निवासी चंचल बताती हैं हमारी गली का बहुत बुरा हाल है. चार गलियां पूरी तरह खराब पड़ी हैं. गटर का पानी सड़कों पर आ जाता है और कई लोगों के घरों में भी घुस रहा है. बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. सब्जी वाला तक गली में आने से मना कर देता है. करीब 15 दिनों से यही हालत बनी हुई है…लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ.
बदबू की वजह से बैठना भी मुश्किल
स्थानीय निवासी सरोज बताती हैं मैं इसी 5 भाई कॉलोनी की निवासी हूं. करीब 8 दिनों से इस नरक को देख रही हूं. घर में खाना खाने का मन नहीं करता और बदबू की वजह से बैठना भी मुश्किल हो जाता है. कई बार दो-दो फीट तक पानी जमा हो जाता है. सुबह लोग जैसे-तैसे पानी निकालते हैं, लेकिन शाम तक फिर वही हाल हो जाता है. कई घरों में गटर का गंदा पानी घुस चुका है. यहां रहना बहुत मुश्किल हो गया है.
स्थानीय निवासी शकुंतला बताती हैं यहां गली अक्सर भरी रहती है. बाहर निकलने में बहुत परेशानी होती है. नहा-धोकर घर से निकलो तो इसी गंदे पानी से होकर जाना पड़ता है. छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी परेशान हैं. कई बार फिसलने का डर भी बना रहता है.
बरसात के दिनों में हालत और ज्यादा खराब
स्थानीय निवासी रिचा बताती हैं मैं इसी 5 भाई कॉलोनी की निवासी हूं. हमारी गली का बहुत बुरा हाल है. कोई आसानी से घर नहीं आ सकता और ना ही हम कहीं जा सकते हैं. घर में बड़े-बुजुर्ग हैं लेकिन बदबू की वजह से बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है. सुबह उठते ही पूरे घर में इतनी गंदी स्मेल होती है कि सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है. बरसात के दिनों में हालत और ज्यादा खराब हो जाती है.
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपनी समस्या अधिकारियों तक पहुंचाई लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ. लोगों की मांग है कि सीवर की सफाई कराकर पानी की निकासी का इंतजाम किया जाए… ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके और बच्चे बिना दिक्कत स्कूल जा सकें.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें