गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जिले में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब समधी मिलन की रस्म से ठीक पहले घर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में बराती और घराती समेत करीब 40 लोग घायल हो गए. इनमें 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. घटना के बाद शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया.
समधी मिलन की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
घटना गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र स्थित महारायडीह गांव की है. जानकारी के अनुसार, शमशेर आलम की बेटी की शादी थी. बारात धोतो गांव से आई हुई थी और विवाह की रस्में चल रही थीं. इसी दौरान समधी मिलन कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी. बड़ी संख्या में लोग घर के सामने और छज्जे के नीचे मौजूद थे. तभी अचानक घर का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए.
मची चीख-पुकार, शादी समारोह में अफरा-तफरी
छज्जा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल लोग दर्द से कराहने लगे और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला. घटना के बाद शादी समारोह पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. कुछ देर पहले जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं हादसे के बाद हर तरफ चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया.
40 लोग घायल, 6 की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 40 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है. वहीं अन्य घायलों का इलाज गिरिडीह, धनबाद और आसपास के निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और प्रशासन
हादसे की जानकारी मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके साथ ही देवरी अंचल अधिकारी (सीओ) भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
क्या बोले स्थानीय लोग?
स्थानीय निवासी जुनैद आलम ने बताया कि शादी समारोह के दौरान अचानक छज्जा गिर गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए. वहीं देवरी अंचल अधिकारी श्यामलाल मांझी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. मामले की जांच की जा रही है.
हादसे के कारणों की होगी जांच
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर छज्जा गिरने की वजह क्या थी. प्रारंभिक तौर पर अधिक भीड़ और निर्माण की मजबूती को लेकर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.