भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

समाज के अंतिम व्यक्ति, गरीबों और वंचितों के लिए सदैव तत्पर रहना...




भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड के पवित्र परिवार पल्ली, गोठगांव के चर्च प्रांगण में सोमवार को दिव्य और भावपूर्ण वातावरण के बीच चार उपयाजकों का पावन पुरोहिताभिषेक समारोह संपन्न हुआ। इस पवित्र अनुष्ठान की अध्यक्षता डालटनगंज धर्मप्रांत के बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास ने की। समारोह में 50 से अधिक पुरोहित, सैकड़ों धर्मबहनें और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। उत्सव की शुरुआत सुबह 7 बजे पारंपरिक आदिवासी संगीत और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ हुआ। पल्ली के विश्वासी, माता-पिता और भाई-बहनों ने नाचते-गाते हुए चारों उपयाजकों को वेदी तक लाया। यहां माता-पिता ने औपचारिक रूप से अपने पुत्रों को कलीसिया की सेवा के लिए बिशप के हाथों सौंपा।इस दौरान नव अभिषिक्त पुरोहित फादर अजित कुजूर (ग्राम: चटकपुर), फादर बीरबल कुजूर (ग्राम: चटकपुर), फादर संजीवन खाखा (ग्राम: हामी) एवं फादर समीर तिग्गा (ग्राम: जरागी कुटूल, गुमला) का पुरोहिताभिषेक किया गया। बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास ने पुरोहिताई के गहरे आध्यात्मिक अर्थ पर प्रकाश डाला। उन्होंने “सेवा, नम्रता और पूर्ण समर्पण” का आह्वान करते हुए कहा कि एक पुरोहित को समाज के अंतिम व्यक्ति, गरीबों और वंचितों के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। अनुष्ठान के दौरान बिशप द्वारा हाथ रखने और अभिषेक की प्रार्थना के बाद, नव नियुक्त पुरोहितों को पुरोहितीय वेशभूषा (स्टोल और चासुबुल) पहनाई गई। इसके पश्चात उन्होंने अपना प्रथम मिस्सा बलिदान अर्पित किया और उपस्थित जनसमूह को अपना पहला आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने नव नियुक्त पुरोहितों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोसाइटी ऑफ इंडियन मिशनरी के फादर दिगेश्वर भोगता ने मंच का सफल संचालन किया, जबकि कोयल दल का नेतृत्व फादरों और मदर टेरेसा एवं होली क्रॉस की धर्मबहनों ने किया। पूरे समारोह का सफल प्रबंधन गोठगांव के पल्ली पुरोहित फादर अशोक नागेशिया, कैथोलिक सभा, महिला संघ और युवा संघ द्वारा किया गया साथ ही प्रचार अमृत मिंज, कैथोलिक अध्यक्ष प्रभुदास मिंज, सुमन (महिला संघ), सिस्टर मुक्ता मिंज, मृत्युंजय कुजूर और अजित पाल कुजूर के द्वारा विशेष सहयोग किया गया। मिस्सा के उपरांत नवनियुक्त फादरों और बिशप के सम्मान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उल्लासपूर्ण नजर आया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top