- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- No More Visits To Police Stations In Other States For Cyber Fraudulent Account Freezes; Complaints Can Be Filed On The GRM And MRM Portals.
रांची15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

- नई एसओपी में पूरे खाते पर रोक के बजाय संदिग्ध रकम होल्ड करने पर जोर, ठगी की रकम वापस पा सकेंगे
साइबर ठगी की जांच में मनी ट्रेल के दौरान अनजाने में ठगी की रकम खाते में पहुंचने पर बैंक खाता फ्रीज होने से परेशान निर्दोष नागरिकों, कारोबारियों और कर्मचारियों को राहत मिलेगी। गृह मंत्रालय की नई एसओपी के तहत पूरे बैंक खाते पर रोक लगाने के बजाय केवल विवादित रकम होल्ड करने पर जोर दिया गया है। इससे महज कुछ सौ या हजार रुपए के संदिग्ध लेन-देन के कारण लोगों की पूरी जमा-पूंजी और बैंकिंग सुविधाएं बाधित होने से बच सकती हैं।
किसी दूसरे राज्य में दर्ज साइबर फ्रॉड की जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति का बैंक खाता या उसमें जमा रकम होल्ड कर दी जाती है, तो उसे संबंधित राज्य के साइबर थाने में जाने की जरूरत नहीं होगी। वह जीआरएम (ग्रिवांस रिड्रेसल मॉड्यूल) पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत संबंधित बैंक और पुलिस एजेंसी तक पहुंचा सकता है। इससे कारोबारियों का कामकाज प्रभावित होने और आम नागरिकों को दूसरे राज्यों के थानों के चक्कर लगाने की परेशानी कम होगी।
वहीं, साइबर ठगी में रकम गंवाने वाले पीड़ित एमआरएम (मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल) के जरिए अपनी फंसी रकम वापस पाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। दोनों मॉड्यूल अप्रैल 2026 से काम कर रहे हैं। यह व्यवस्था बैंक और पुलिस के बीच शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को आसान बनाने और लोगों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
एमआरएम पोर्टल से ऐसे वापस मिलेगी ठगी की रकम
- mrm-ncrp.mha.gov.in पर जाकर ‘रेज रिफंड रिक्वेस्ट’ विकल्प चुनना होगा।
- 14 अंकों का एनसीआरपी शिकायत नंबर और मोबाइल ओटीपी से सत्यापन कर बैंक खाता, आईएफएससी और पैन की जानकारी देनी होगी।
- आवेदन के बाद एमआरएम से एक रिक्वेस्ट आईडी मिलेगी। पुलिस के निर्देश पर क्षतिपूर्ति बॉन्ड और ट्रांजेक्शन प्रमाण जमा करने होंगे।
- जांच पूरी होने पर रिलीज आदेश के आधार पर बैंक रकम वापस करेगा।
दूसरे की गलती से आम लोगों के बैंकिंग लेन-देन बंद
साइबर फ्रॉड की मनी ट्रेल खंगालने के दौरान पुलिस और साइबर सेल अक्सर उन बैंक खातों को भी फ्रीज या होल्ड कर देते हैं, जिनमें अनजाने में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई होती है। ऐसे में महज कुछ हजार रुपए के संदिग्ध लेन-देन के कारण निर्दोष आम नागरिक, कारोबारी या कर्मचारियों के खाते में लेन-देन रोक दिया जाता है। आम लोगों को अपनी ही रकम निकालने के लिए महीनों तक बैंक और पुलिस थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब वे जीआरएम पोर्टल से समस्या का समाधान पा सकते हैं।
भास्कर एक्सपर्ट- मुकेश चौधरी, साइबर एक्सपर्ट
समझिए जीआरएम पोर्टल पर जाकर कैसे खुलवाएं अपना फ्रीज बैंक खाता
साइबर अपराध की मनी ट्रेल में निर्दोष लोगों के बैंक खाते फ्रीज होने पर जीआरएम पोर्टल के माध्यम से शिकायत की जा सकती है। इसके लिए खाताधारक को सीधे पोर्टल पर आवेदन करने के बजाय अपनी बैंक शाखा में लिखित शिकायत देनी होगी। आधार, पैन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, संदिग्ध ट्रांजेक्शन का विवरण और भुगतान वास्तविक होने के प्रमाण जमा करने होंगे। बैंक केवाईसी और दस्तावेजों का सत्यापन कर सात कैलेंडर दिनों में शिकायत पोर्टल पर अपलोड करेगा। इसके बाद जांच अधिकारी को 15 दिनों में निर्णय लेना होगा। खाताधारक का पक्ष सही पाए जाने पर नियमानुसार खाते से रोक हटाई जा सकती है।
