Last Updated:
Bokaro News: बोकारो में दो युवक साधु के भेष में ठग निकले. वह एक भोली-भाली महिला के घर पहुंचे. उनसे खाना मांगा. महिला ने खाना भी खिलाया. उसके बाद उन्होंने महिला से कहा कि अपने जेवर दे दो हम आशीर्वाद देंगे. इसी बीच महिला के असली गहने धोखे से ले लिए और उन्हें नकली गहने पोटली में बांधकर पकड़ा दिए.
बोकारो में साधु बनकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार.
बोकारोः झारखंड में ठगी की अजीब वारदात हुई. बोकारो में साधु का भेष बनाकर महिला से ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों ने परेशानी दूर करने और चमत्कार दिखाने का झांसा देकर महिला से सोने का मंगलसूत्र और कान का टॉप्स ठग लिया था. इसके बदले उन्होंने साड़ी में पीतल के लॉकेट बांधकर दे दिए और महिला से कहा कि शाम 5 बजे के बाद ही पोटली खोलना.
खाना खाने के बाद महिला को दिया चमत्कार का झांसा
मामला बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू का है. पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाली बबीता देवी के घर दो व्यक्ति साधु के भेष में पहुंचे थे. दोनों ने महिला से खाना मांगा. महिला ने उन्हें खाना खिलाया तो उन्होंने उसकी परेशानी दूर करने का दावा किया. इसके बाद चमत्कार दिखाने के नाम पर घर में रखे सोने-चांदी के गहने लाकर आशीर्वाद लेने को कहा. महिला उनकी बातों में आ गई और अपना सोने का मंगलसूत्र और कान का टॉप्स दोनों को दे दिया. आरोपियों ने गहनों के बदले साड़ी में पीतल के लॉकेट बांधकर महिला को थमा दिए. साथ ही कहा कि पोटली शाम 5 बजे के बाद ही खोलनी है.
पोटली खुली तो सामने आई ठगी
शाम को जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें सोने के गहनों की जगह पीतल के लॉकेट मिले. इसके बाद उसे ठगी का पता चला. पीड़िता ने बीएस सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. नगर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की. इस दौरान दोनों आरोपियों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू से गिरफ्तार कर लिया गया.
बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शम्भु लाठौर (करीब 30 वर्ष) और गयालाल लाठौर (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई हैं और बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने उनके पास से ठगी किया गया सोने का मंगलसूत्र और कान का टॉप्स बरामद किया. इसके अलावा बड़ी संख्या में पीतल के लॉकेट, ताबीज, अंगूठियां और रंग-बिरंगे पत्थर भी मिले हैं.
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने लोगों से ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि साधु का भेष बनाकर ठगी करने वाले लोग साधु समाज के सम्मान को भी ठेस पहुंचाते हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी के झांसे में आकर अपने गहने या कीमती सामान अनजान लोगों को न सौंपें.
About the Author
Journalist with a sharp focus on Bihar and Jharkhand, covering politics, crime, and trending stories with a strong ground-level perspective. Passionate about listening to stories, understanding them deeply, and…