![]()
सावन माह की पहली सोमवारी पर लातेहार सहित जिले के सभी प्रखंडों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। पूरे दिन शिवालयों में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा। शहर के बाजारटांड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, स्टेशन बाजारटांड़ स्थित श्री सोमेश्वर शिव मंदिर, पानी टंकी स्थित शिव मंदिर, वन विभाग परिसर के शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा, फूल, फल और प्रसाद अर्पित किया। परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। शहर के डुरुआ ग्राम स्थित श्री श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर समिति ने सावन की पहली सोमवारी पर गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली। मंदिर परिसर से शुरू होकर यह कलश यात्रा शहीद वीरेंद्र शर्मा चौक, स्टेशन बाजार चौक से होते हुए रेलवे पंप के पास स्थित दो मुहान औरंगा नदी के तट पर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी कलशों में नदी का पवित्र जल भरा गया। इसी रास्ते से कलश यात्रा मंदिर परिसर पहुंची। वहां सभी कलश मंदिर में स्थापित किए गए। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इधर, लातेहार के ग्रामीण क्षेत्रों पांडेयपुरा, मोंगर, जालिम, नावागढ़, पोचरा, तरवाड़ीह, डीही, होटवाग समेत अन्य गांवों के शिवालयों में भी सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
Source link