नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पहले ही बाजार में आ चुकी है. मगर सोमवार (16 नवंबर) को खुद सोनिया ने एक इवेंट में इसका विमोचन किया गया. इस मौके पर, सोनिया ने बताया कि शुरुआत में वह अपनी कहानी लिखने को लेकर बहुत सहज नहीं थीं. दोस्तों के कहने पर भी उन्होंने लंबे समय तक इस विचार को टाल दिया था. बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी एक करीबी दोस्त मंजुलिका दुबे के समझाने पर उन्होंने लिखना शुरू किया. सोनिया गांधी ने कहा कि उनके परिवार के बारे में कई ऐसी बातें कही गई हैं जिनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है. यही वजह भी रही कि उन्होंने अपनी नजर से परिवार और जिंदगी की कहानी सामने रखने का फैसला किया. उन्होंने किताब को लेकर पाठकों की प्रतिक्रिया पर भी बात की और कहा कि लोगों का प्यार देखकर वह भावुक हैं.
सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी पर किताब लिखने का फैसला क्यों किया?
किताब लिखने के बारे में सोनिया गांधी ने बताया कि उनके कई दोस्त लंबे समय से उन्हें अपनी कहानी लिखने के लिए कहते रहे थे. उनका मानना था कि सोनिया की जिंदगी के अनुभवों को लोगों तक पहुंचना चाहिए. हालांकि, सोनिया गांधी खुद अपनी निजी भावनाओं और विचारों को सार्वजनिक करने से हमेशा बचती रही थीं. उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका ने भी उन्हें किताब लिखने के लिए प्रेरित किया. इसके अलावा उनकी करीबी दोस्त मंजुलिका दुबे ने भी इस काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया.
सोनिया गांधी से जब पूछा गया कि उन्होंने इसी समय अपनी कहानी लिखने का फैसला क्यों किया तो उन्होंने कहा कि उनके परिवार को लेकर लंबे समय से बहुत कुछ लिखा और कहा जाता रहा है. इसमें उनकी सास, पति, बेटे, बेटी और खुद उनके बारे में भी कई बातें शामिल हैं.
सोनिया ने कहा, ‘मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा गया है. लेकिन इनमें से ज्यादातर बातें वास्तविकता से काफी दूर हैं. उनका हमारे असली जीवन और हमारे व्यक्तित्व से कोई संबंध नहीं है.’ उन्होंने बताया कि अपनी कहानी के जरिए वह उन अनुभवों और भावनाओं को सामने रखना चाहती थीं जिन्हें अब तक उन्होंने अपने तक सीमित रखा था.
किताब लिखते समय किन यादों ने सोनिया गांधी को सबसे ज्यादा परेशान किया?
सोनिया गांधी ने माना कि किताब लिखने का काम उनके लिए हमेशा आसान नहीं रहा. कई बार ऐसा हुआ जब उन्हें समझ नहीं आता था कि आगे क्या लिखें. कुछ हिस्सों पर काम करते समय वह रुक जाती थीं और सोचती थीं कि आखिर उन्होंने यह सब लिखना शुरू ही क्यों किया.
उन्होंने बताया कि ऐसे समय में उनके दोस्त और बच्चे उन्हें दोबारा कोशिश करने के लिए कहते थे. उनके समझाने पर वह फिर लिखना शुरू करती थीं.
सोनिया गांधी ने कहा कि बचपन और शुरुआती दिनों की बातें लिखना उनके लिए आसान रहा. उन्हें कई ऐसी छोटी-छोटी घटनाएं भी याद आ गईं जिनके बारे में उन्होंने वर्षों से नहीं सोचा था. लेकिन जिंदगी के कुछ दर्दनाक हिस्सों को दोबारा याद करना मुश्किल था.
उन्होंने अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के साथ पति राजीव गांधी की हत्या का जिक्र किया. सोनिया ने कहा कि इन घटनाओं के समय वह सदमे और दर्द में थीं. इसी वजह से कुछ बातें उनकी यादों से भी धुंधली हो गई थीं.
उन्होंने बताया कि ऐसे मौकों पर प्रियंका और राहुल ने उन्हें कई बातें याद दिलाईं. बच्चों की मदद से वह उन घटनाओं को फिर से लिख सकीं. सोनिया गांधी के मुताबिक, ये किताब के सबसे कठिन हिस्सों में शामिल थे.
सोनिया गांधी ने बताया उन्हें ‘बिलॉन्गिंग’ शब्द से इतना जुड़ाव क्यों महसूस होता है?
अपनी किताब के नाम के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि ‘बिलॉन्गिंग’ शब्द पूरी किताब में बार-बार आता है. उनके लिए इसका मतलब किसी नई जगह और नए परिवार का हिस्सा बनने की कोशिश से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि जब कोई व्यक्ति किसी नए माहौल में पहुंचता है तो उसे कई बार लगता है कि वह बाकी लोगों जैसा नहीं है. उसे यह भी महसूस होता है कि दूसरे लोग उसकी हर बात और हर गलती पर नजर रख रहे हैं.
सोनिया गांधी ने कहा कि किसी नए समाज में अपने लिए जगह बनाना आसान नहीं होता. बोलने का तरीका हो या व्यवहार, हर छोटी बात को लेकर मन में यह सवाल रहता है कि कहीं कुछ गलत तो नहीं हो गया. उन्होंने कहा कि भारत में आने के बाद उन्हें भी ऐसा महसूस हुआ था. उन्हें धीरे-धीरे यहां के रहन-सहन और लोगों को समझना पड़ा. उनके मुताबिक, किताब में इसी अनुभव और खुद को एक नए समाज का हिस्सा बनाने की कोशिश को जगह दी गई है.
इंदिरा गांधी को ‘मां’ कहने में सोनिया गांधी को क्यों होती थी झिझक?
किताब के लॉन्च के दौरान सोनिया गांधी ने अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ शुरुआती दिनों के रिश्ते का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह इंदिरा गांधी से काफी डरती थीं. उन्हें समझ नहीं आता था कि उनसे कैसे बात करें और किस तरह व्यवहार करें.
सोनिया ने बताया कि राजीव गांधी और उनके भाई संजय गांधी अपनी मां को ‘मा’ कहकर बुलाते थे. उनसे भी उम्मीद की जाती थी कि वह इंदिरा गांधी को ‘मा’ या ‘मम्मी’ कहें. लेकिन सोनिया ने ऐसा करने में अपनी झिझक बताई. उन्होंने कहा कि उनके लिए मां का मतलब केवल उनकी अपनी मां थीं. वह अपनी इतालवी मां को ‘मम्मा’ कहती थीं और किसी दूसरे को मां कहकर बुलाना उनके लिए सहज नहीं था.
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि राजीव गांधी उन्हें बार-बार पत्र लिखकर पूछते थे कि क्या उन्होंने अपने माता-पिता से बात की है. लेकिन उनके लिए यह करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि उनके पिता बहुत सख्त थे. ऐसे माहौल में उनसे शादी जैसे बड़े विषय पर खुलकर बात करना मुश्किल था.
भारत आने के बाद सोनिया गांधी के लिए क्या-क्या नया था?
सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह 1968 में राजीव गांधी के साथ भारत आईं तो उनके लिए यहां का माहौल काफी अलग था. यूरोप में उन दिनों आम लोगों के बीच भारत और भारतीय राजनीति को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं थी.
उन्होंने कहा कि वह उस समय सिर्फ राजीव गांधी को जानती थीं. भारत के बारे में उनकी जानकारी भी सीमित थी. यहां आने के बाद उन्हें कई ऐसी चीजों का सामना करना पड़ा जिन्हें वह पहले समझ नहीं पाती थीं.
सोनिया के मुताबिक, शुरुआत में कुछ बातें उनके लिए चौंकाने वाली थीं. कई चीजों को वह समझ नहीं पाती थीं और खुद को भी उनका मतलब नहीं समझा पाती थीं. लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने भारत के लोगों, संस्कृति और यहां के रहन-सहन को समझना शुरू किया.
उन्होंने कहा कि समय के साथ उनके भीतर इस देश के प्रति समझ और अपनापन बढ़ता गया. किताब के नाम में शामिल ‘बिलॉन्गिंग’ का एक अहम हिस्सा भी यही अनुभव है.
सोनिया गांधी ने कभी डायरी नहीं लिखी, फिर अपनी जिंदगी के पुराने किस्से कैसे याद किए?
सोनिया गांधी ने बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने कभी डायरी लिखने की आदत नहीं डाली. बचपन में भी वह डायरी नहीं लिखती थीं और राजनीतिक जीवन में आने के बाद भी उन्होंने ऐसा नहीं किया.
उन्होंने कहा कि उनके पास कुछ हस्तलिखित नोट्स जरूर हैं. इनमें से तीन से पांच नोट्स उस समय के हैं जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष थीं. इनके अलावा उनके पास अपनी जिंदगी और राजनीतिक सफर का कोई नियमित लिखित रिकॉर्ड नहीं था.
यही वजह रही कि किताब लिखते समय उन्हें कई पुरानी यादों को फिर से जोड़ना पड़ा. कुछ घटनाएं उन्हें खुद याद आईं तो कुछ में राहुल और प्रियंका ने मदद की.
किताब को पाठकों और आलोचकों से मिल रही प्रतिक्रिया पर क्या बोलीं सोनिया गांधी?
सोनिया गांधी ने किताब को मिल रही प्रतिक्रिया पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और अपनापन देखकर वह अभिभूत हैं. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी संख्या में लोग किताब को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देंगे. उन्होंने कहा, ‘लोगों ने जिस तरह अपना प्यार दिखाया है, जिस तरह किताब खरीदी है और उस पर अपनी राय रखी है, उससे मैं बहुत प्रभावित हूं. आलोचकों की टिप्पणियों ने भी मुझे छुआ है.’
हालांकि, उन्होंने माना कि उन्होंने किताब को लेकर आई हर प्रतिक्रिया नहीं पढ़ी है. कुछ टिप्पणियां उन्हें खराब लगीं. वहीं कुछ ऐसी भी थीं जिनमें लोगों ने ईमानदारी से अपनी राय रखी.
सोनिया ने कहा कि कुछ आलोचनाएं कड़वी थीं, लेकिन कुछ में लोगों ने वही लिखा जो वे वास्तव में सोचते हैं. उन्होंने इन प्रतिक्रियाओं को भी दिलचस्प बताया. अपनी बात खत्म करते हुए सोनिया गांधी ने किताब को लेकर लोगों की दिलचस्पी और उनके प्यार के लिए आभार जताया.