Last Updated:
Jamshedpur Ghodabandha Area: जमशेदपुर का घोड़ाबांधा इलाका शांति, हरियाली और किफायती आवास के कारण लोगों की पहली पसंद बन रहा है. यहां आधुनिक आवासीय परियोजनाएं और बेहतर कनेक्टिविटी है. ऐसे में यहां लोगों को 4 हजार से 5 हजार रुपये में शानदार फ्लैट मिल जा रहा है.
जमशेदपुर में तेजी से बढ़ती आबादी और शहर की व्यस्त जिंदगी के बीच अब लोग ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं. जहां शांति, हरियाली और सुकून भरा माहौल मिल सके. ऐसे में शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित घोड़ाबांधा इलाका लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. पिछले कुछ वर्षों में यहां आवासीय परियोजनाओं की संख्या बढ़ी है और बड़ी संख्या में परिवार इस क्षेत्र में बसने का विकल्प चुन रहे हैं. शहर के शोर-शराबे से दूर यह इलाका शांत वातावरण के कारण लोगों को आकर्षित कर रहा है.
घोड़ाबांधा की सबसे बड़ी खासियत यहां का प्राकृतिक माहौल है. चारों तरफ हरियाली, अपेक्षाकृत कम ट्रैफिक और साफ-सुथरा वातावरण लोगों को एक अलग अनुभव देता है. सुबह और शाम के समय यहां की ताजी हवा और शांत माहौल लोगों को मानसिक सुकून प्रदान करती है. यही वजह है कि नौकरीपेशा लोग, वरिष्ठ नागरिक और परिवार इस इलाके में रहना बेहतर समझ रहे हैं.
हालांकि यह इलाका शहर के आउटर में स्थित है, लेकिन यहां से जमशेदपुर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंचना काफी आसान है. सड़क संपर्क बेहतर होने के कारण लोग रोजाना आसानी से अपने कार्यालय या अन्य जरूरी स्थानों तक आ-जा सकते हैं. शहर की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं और साथ ही भीड़भाड़ से राहत भी मिलती है. यही संतुलन घोड़ाबांधा को खास बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रियल एस्टेट के क्षेत्र में भी घोड़ाबांधा तेजी से विकसित हो रहा है. यहां कई आधुनिक फ्लैट और आवासीय परियोजनाएं तैयार हो चुकी हैं. सुरक्षा, पार्किंग, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से लैस ये फ्लैट लोगों को आरामदायक जीवनशैली प्रदान कर रहे हैं. कई प्रोजेक्ट में बच्चों के खेलने की जगह, पार्क और सामुदायिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे परिवारों को बेहतर माहौल मिलता है.
वहीं, अगर हम किराए की बात करें तो घोड़ाबांधा अभी भी शहर के कई प्रमुख इलाकों की तुलना में किफायती माना जाता है. यहां सामान्य फ्लैट का किराया करीब 4 हजार से 5 हजार रुपये प्रति माह से शुरू हो जाता है. कम खर्च में बेहतर आवास मिलने के कारण युवा पेशेवर, छात्र और नए परिवार भी इस इलाके की ओर आकर्षित हो रहे हैं. यही कारण है कि यहां रहने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में घोड़ाबांधा का महत्व और बढ़ेगा. शांत वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी, किफायती आवास और आधुनिक सुविधाओं के कारण यह इलाका जमशेदपुर के उभरते हुए रिहायशी क्षेत्रों में शामिल हो चुका है. जो लोग शहर के करीब रहकर भी शांति और सुकून भरी जिंदगी जीना चाहते हैं, उनके लिए घोड़ाबांधा एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आ रहा है.